UPPSC PCS Exam: में पूर्वांचल पर पूछा रोचक प्रश्न, तीन प्रश्न हुए रिपीट, जानें अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
UPPSC PCS Exam : उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2022 की मुख्य परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को सामान्य अध्ययन की परीक्षा हुई। सुबह 930 से 1230 बजे और दोपहर दो से पांच बजे की पाली में क्रमश प्रथम व द्वितीय प्रश्नपत्र का पेपर हुआ। सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र में एक रोचक प्रश्न पूर्वांचल को लेकर पूछा गया। इस प्रश्न के जरिए अभ्यर्थियों को यूपी के पूर्वांचल क्षेत्र में प्रचलित प्रमुख लोकगीतों का विवरण प्रस्तुत करते हुए उनकी विशेषताओं का उल्लेख करने को कहा गया था। दोनों पेपर में समसामयिक घटनाक्रम, अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के साथ ही उत्तर प्रदेश पर केंद्रित प्रश्न भी पूछे गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में प्रश्न आसान रहे।
कितने प्रतिशत ने दी परीक्षा
प्रश्नों के माध्यम से अभ्यर्थियों के किताबी ज्ञान के साथ ही व्यवहारिक ज्ञान को परखने की कोशिश दिखी। प्रथम प्रश्नपत्र में तीन प्रश्न ऐसे भी रहे जो पिछली परीक्षाओं में पूछे जा चुके हैं। बुधवार को प्रयागराज, गाजियाबाद और लखनऊ में पंजीकृत 5798 अभ्यर्थियों में से 5262 (90.76 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे।
यूपी स्पेशल पर पूछे प्रश्न
दोनों प्रश्नपत्रों में कुल 40 प्रश्न पूछे गए थे जिनमें से आठ प्रश्न उत्तर प्रदेश से जुड़े थे। प्रथम प्रश्नपत्र में पूर्वांचल के लोकगीतों पर आधारित प्रश्न के अलावा यूपी से जुड़े जो प्रश्न पूछे गए उनमें 19वीं सदी में उत्तर प्रदेश में पुनर्जागरण के स्वरूप पर प्रकाश डालिए। हेरिटेज आर्क क्या है? पर्यटन संभावनाओं की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में इसके महत्व को रेखांकित कीजिए। स्मार्ट सिटी मिशन क्या है? पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस योजना हेतु चुने गए नगरों की प्रमुख विशेषताओं की विवेचना कीजिए। उत्तर प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं का सोदाहरण सहित विस्तृत विवरण दीजिए। उत्तर प्रदेश में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों का उल्लेख कीजिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें