UPPSC RO-ARO Exam 5 December Paper: आरओ-एआरओ भर्ती का पेपर देख जाड़े में छूटा अभ्यर्थियों का पसीना, देखिए प्रश्नों का कठिनाई स्तर
UPPSC RO-ARO Exam 5 December Paper Analysis 2021: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) 2021 के 317 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र ने अभ्यर्थियों को जाड़े में पसीना छुड़वा दिया। प्रश्नपत्र पहले की तुलना में कठिन रहा जिससे सामान्य या औसत तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को हल करने में कठिनाई हुई। जिनकी बहुत अच्छी तैयारी थी वही पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र कर सके।
पहली पाली में 9:30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में 2:30 से 3:30 बजे की पाली में सामान्य हिन्दी का पेपर हुआ। सामान्य अध्ययन के पेपर में 140 प्रश्नों में सर्वाधिक प्रश्न इतिहास और भूगोल विषय के थे। इतिहास और भूगोल व जनगणना के 21-21, उत्तर प्रदेश विशेष 19, करेंट व विविध 18, अर्थव्यवस्था व योजना से 13, रीजनिंग 13, कृषि 10, संविधान आठ, विज्ञान आठ और पर्यावरण, प्रदूषण व ऊर्जा से नौ प्रश्न पूछे गए थे।
मुन्नी देवी रामबालक गर्ल्स इंटर कॉलेज धूमनगंज केंद्र पर परीक्षा देने वाले संजीव त्रिपाठी का कहना है कि आरओ/एआरओ स्तर के हिसाब से अब तक का सबसे कठिन पेपर रहा। आयोग का अभी तक का सबसे अच्छा पेपर कहा जा सकता है। रानी देवती देवी इंटर कॉलेज राजापुर केंद्र पर परीक्षा देने वाली शालिनी मिश्रा के अनुसार प्रश्न रिपीट नहीं थे। सभी नए प्रश्न थे। संघ लोक सेवा आयोग की तर्ज पर कूट वाले प्रश्न पूछे गए थे। पेपर का स्तर कठिन था।
आरओ/एआरओ भर्ती के कुछ प्रश्न :
उत्तर प्रदेश के किस ऐतिहासिक मेले में हिन्दू और मुसलमान दोनों आते हैं?
कौन भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील है?
समुद्री चक्रवाती तूफान तौकते किस सागर से उत्पन्न हुआ था?
मिताली एक्सप्रेस किन दो शहरों के बीच चलती है?
राज्य विधानमंडल की बैठक आयोजित करने के लिए कोरम (गणपूर्ति) क्या है?
एक सितार में किस प्रकार की ध्वनि तरंगे उत्पन्न होती हैं।?
किस राज्य ने ई-राशन कार्ड व्यवस्था सबसे पहले शुरू की?
भारत की संसद ने आपदा प्रबंधन अधिनियम किस सन में पारित किया?
भारत वन स्थिति रिपोर्ट 2019 के अनुसार किस राज्य में जनजातीय जिलों की संख्या सबसे अधिक है?
विश्व में मछली का सबसे बड़ा उत्पादक देश कौन सा है?
प्रयागराज में सर्वाधिक 62% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
प्रदेश के 22 जिलों के 1214 केंद्रों पर आयोजित आरओ/एआरओ 2021 प्री में पंजीकृत 5,59,155 अभ्यर्थियों में से 2,74,571 (49.10 प्रतिशत) अभ्यर्थी शामिल हुए। सर्वाधिक 62 प्रतिशत अभ्यर्थी प्रयागराज में उपस्थित रहे। प्रयागराज के 126 केंद्रों पर 58240 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से पहली पाली में 36687 और दूसरी में 36179 (62.12%) प्रतिशत परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं गाजियाबाद में सबसे कम 42 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे। गाजियाबाद में पंजीकृत 19737 में से पहली पाली में 8344 और दूसरी पाली में 8237 (41.73%) शामिल हुए। आयोग के सचिव जगदीश की ओर से जारी सूचना के मुताबिक परीक्षा सकुशल एवं शुचितापूर्वक संपन्न हुई।
चार साल बाद हो रही आरओ/एआरओ भर्ती
आरओ/एआरओ की भर्ती चार साल बाद कराई जा रही है। इससे पहले लोक सेवा आयोग ने 809 पदों के लिए 2017 में विज्ञापन जारी किया था। अंतिम परिणाम में 663 अभ्यर्थी सफल हुए थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें