नई शिक्षा नीति : उच्च शिक्षा में नामांकन दर 50 फीसदी करने का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने नई शिक्षा नीति के तहत वर्ष 2035 तक उच्च शिक्षा में नामाकंन की दर 50 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। वर्ष 2019-20 में यूपी में उच्च शिक्षा की सकल नामांकन दर (जीईआर) महज 25.3 फीसदी रही, जबकि देश की 27.1 फीसदी थी। यह जीईआर 18 से 23 आयु वर्ग के युवाओं के उच्च शिक्षा संस्थानों में लिए गए प्रवेश के आधार पर तैयार की गई है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से इसमें वर्षवार सुधार भी हो रहा है।
वर्ष 2016-17 में उच्च शिक्षा में यूपी की जीईआर 24.9 फीसदी थी, जबकि देश की 25.2 फीसदी थी। अब तय लक्ष्य हासिल करने के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने, तकनीकी पाठ्यक्रमों में लैंगिक असमानता दूर करने और असेवित क्षेत्रों में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में तकनीकी पाठ्यक्रमों में लड़कियों का नामांकन मात्र 28.4 फीसदी है।
प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों में वर्तमान में 52.28 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। नामांकन बढ़ाने के लिए सरकार विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर सुधारने तथा कौशल विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का कार्यक्रम बना रही है। तीन मंडलों आजमगढ़, सहारनपुर व अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। तीनों विश्वविद्यालों के कार्यालय काम करने लगे हैं।
निकट भविष्य में चार ऐसे मंडलों में भी राज्य विश्वविद्यालय खोलने का प्रस्ताव है, जहां अभी तक कोई राज्य विश्वविद्यालय नहीं है। इसमें देवीपाटन, चित्रकूट धाम, विन्ध्याचल व मुरादाबाद मंडल शामिल है। चारों मंडलों के जिलों में इसके लिए जमीन की तलाश भी शुरू हो गई है। प्रदेश के असेवित क्षेत्रों में 75 नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना का कार्य भी चल रहा है। इनमें से आठ का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
देखिए उच्च शिक्षा जुड़े आंकड़े:
यूपी में उच्च शिक्षा विभाग के संस्थान
राज्य विश्वविद्यालय-20
निजी विश्वविद्यालय-30
डीम्ड विश्वविद्यालय-01
राजकीय महाविद्यालय-172
सहायता प्राप्त महाविद्यालय-331
स्ववित्तपोषित महाविद्याद्यालय-7272
अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या-52.28 लाख
उच्च जीईआर वाले राज्य
सिक्किम-76 फीसदी
तमिलनाडू-51 फीसदी
केरल-39 फीसदी
तेलंगाना-36 फीसदी
आंध्र प्रदेश-35 फीसदी
महाराष्ट्र-32.6 फीसदी
कर्नाटक-32 फीसदी
सबसे ज्यादा कॉलेज वाले राज्य
यूपी-7788
महाराष्ट्र-4494
कर्नाटक-4047
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें