UP Lekhpal Exam 2022: एडमिट कार्ड कब तक होंगे जारी और लेखपाल भर्ती में चयनित होने के बाद करने होते हैं कौन से काम, जानें यहाँ
उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 8,085 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 19 जून 2022 को प्रस्तावित है। राज्य में कई सालों के बाद आयोजित हो रही लेखपाल की इस भर्ती में सिर्फ प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थी ही हिस्सा ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की जा रही इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से इसी साल सात जनवरी से 28 जनवरी के बीच आवेदन मांगे गए थे। इस भर्ती में हिस्सा लेने के लिए 13,90,305 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लेकिन UPSSSC ने इसकी मुख्य परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए PET के स्कोर के आधार पर 2,47,667 अभ्यर्थियों को ही शॉर्टलिस्ट किया है।
एडमिट कार्ड कब तक होंगे जारी :
इस भर्ती के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जाने के संबंध में UPSSSC ने अभी तक कोई भी सूचना जारी नहीं की है। हालांकि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग इस परीक्षा के लिए मई के आखिर तक या जून के शुरुआत में एडमिट कार्ड जारी कर सकती है। वहीं, इस परीक्षा में हिस्सा लेने जा रहे अभ्यर्थियों को एक बार फिर से शुल्क जमा करना होगा। दरअसल आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक जो अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होने के योग्य घोषित किए गए हैं, उन्हें अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले फिर से शुल्कजमा करना होगा। अभी तक यह घोषणा नहीं की गई है कि अभ्यर्थियों को कितने रुपये का शुल्क जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को इस संबंध में ज्यादा जानकारी के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
लेखपाल को करने होते हैं कौन से काम :
लेखपाल भर्ती में चयनित होने वाले एक अभ्यर्थी का अधिकांश कार्यक्षेत्र ग्रामीण क्षेत्रों में होता है। एक लेखपाल के अंदर में एक या उससे अधिक गांव होते है और उन गाँवो के भूमि से संबंधित पूरी जानकारी उसके पास होती है। जैसे- किसके पास कितनी भूमि है, उस भूमिपर क्या क्या है, किस तरह की भूमि है, किसका नियंत्रण है, आदि की जानकारी एक लेखपाल रखता है। लेखपाल को कृषि संबंधित समस्याओं का समाधान करना होता है और किसानों के साथ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चलना होता है। साथ ही एक लेखपाल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए कई तरह के प्रमाणपत्र निर्गत करने का भी काम करता है और ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले विभिन्न सरकारी सर्वेक्षणों और अन्य कार्यों में भी एक लेखपाल की ड्यूटी लगाई जाती है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें