
प्रदेश की 534 सरकारी स्कूलों में तैयार होंगे स्टूडेेंट पुलिस कैडेट, स्कूल में पढेंगे कानून की पालना का पाठ : प्रति स्कूल पचास हजार रुपए की राशि आवंटित
बीकानेर. विद्यार्थियों में नागरिक बोध की भावना विकसित करने और कानून की पालना को उनकी स्वाभाविक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से प्रदेश की 534 सरकारी स्कूलों में स्टूडेेंट पुलिस कैडेट तैयार किए जाएंगे। दो वर्षी ंय प्रशिक्षण कक्षा आठवीं से शुरू होगा। इसके लिए प्रति स्कूल पचास हजार रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसमें विभिन्न तरह की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। यह कार्यक्रम पुलिस व शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से संचालित करेंगे। योजना के अन्तर्गत प्रदेश के 534 राजकीय विद्यालयों का चयन किया गया है। इसके लिए प्रदेश में दो करोड़ 67 लाख रुपए जारी किए गए हैं।
दो वर्षीय होगा प्रशिक्षण
प्रति पुलिस थाना अंतर्गत एक राजकीय विद्यालय में कक्षा 8 में न्यूनतम 30 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्टूडेन्ट पुलिस कैडेट योजना 2 वर्ष की अवधि के लिए कक्षा 8 से प्रारम्भ होगी। इस योजना के प्रथम वर्ष में कक्षा 8 के शारीरिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा और आगामी वर्ष में इन्हीं कैडेट्स को कक्षा 9 में प्रशिक्षण दिया जाएगा। अनुभवी पुलिस कार्मिकों को ड्रिल प्रशिक्षक नियुक्त किया जाएगा। जो विद्यालय के शारीरिक प्रशिक्षक के साथ स्टूडेन्ट पुलिस कैडेटस को पीटी व परेड का प्रशिक्षण देंगे।
इस तरह तैयार करेंगे कैडेट
समाज में पुलिस की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था में भूमिका, पुलिस की कार्यप्रणाली के सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विद्यार्थियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण पर आधारित कार्यक्रम।
बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की दिशा में कार्य।
प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं से निपटने का मूलभूत प्रशिक्षण।
सांप्रदायिक सद्भाव व सहिष्णुता, भ्रष्टाचार मुक्त जीवन, कमजोर वर्गों के प्रति सहानुभूति, वृद्धजनों का सम्मान, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन, टीम भावना, जिम्मेदारी पूर्ण बर्ताव जैसे मानव मूल्यों का विकास।
इन गतिविधियों पर खर्च की जाएगी राशि
गतिविधियां आवंटित राशि
टीचिंग ऐड 16000
आउटडोर गतिविधियां 24000
प्रशिक्षण 5000
कन्टीजेन्सी 5000
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें