Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

सोमवार, 13 जून 2022

UPPSC PCS 2022 : पीसीएस में इतिहास ने दी चुनौती, विकल्प चुनने में छूटे पसीने

 

UPPSC PCS 2022 : पीसीएस में इतिहास ने दी चुनौती, विकल्प चुनने में छूटे पसीने

UPPSC PCS 2022 : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2022 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो पालियों में कराई गई। प्रयागराज समेत प्रदेश के 28 जिलों में बने 1303 केंद्रों पर पंजीकृत 602975 अभ्यर्थियों में से 330641 (54.83 प्रतिशत) शामिल हुए। सुबह 9:30 से 11:30 बजे की पाली में सामान्य अध्ययन, जबकि 2:30 से 4:30 बजे की दूसरी पाली में सीसैट का पेपर था। विशेषज्ञों और प्रतियोगी छात्रों की मानें तो सामान्य अध्ययन में पिछले दो वर्षों की अपेक्षा विकल्पों को इस तरह रखा गया था कि छात्र चकरा गए।

ऐसे प्रश्न अधिक पूछे गए थे जिनके जवाब भ्रमित करने वाले थे। इतिहास के प्रश्न छात्रों के लिए चुनौतिपूर्ण रहे। वहीं सीसैट के पेपर में हिन्दी और अंग्रेजी दोनों के पैराग्राफ सरल थे। रीजनिंग में कोडिंग, मिसिंग टर्म प्रमुख प्रश्न रहे। गणित के एक-दो प्रश्नों को छोड़कर सामान्य स्तर का कहा जा सकता है। आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि परीक्षा शुचितापूर्वक संपन्न हुई।

जीएस वर्ल्ड के प्रबंध निदेशक नीरज सिंह ने कहा, इस बार प्रथम प्रश्नपत्र को सामान्य लहजे में थोड़ा उलझाऊ कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इतिहास, करेंट अफेयर्स, तिथियों से जुड़े प्रश्न सबसे हाइलाइट टॉपिक रहे।

सामान्य अध्ययन में पूछे गए कुछ सवाल

- उत्तर प्रदेश में कौन सा वन्यजीव अभयारण्य 1975 में स्थापित किया गया था।

- अप्रैल 2022 में कोपनहेगन में पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई तैराकी स्पर्धा में भारत की किस खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।

- डाइक्लोरो-डाइफिनाइल-ट्राईक्लोरोइथेन क्या है।

-- भारत में किस धार्मिक समूह का सर्वाधिक भाग नगरीय है।

- वर्ष 2022-23 में केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए एकल खिड़की प्रवेश परीक्षा का नाम क्या है।

- भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक की ऑडिट रिपोर्ट का परीक्षण कौन करता है।

- जनवरी 2022 के वैश्विक व्यावसायिक शहर सूचकांक के अनुसार कौन सा शहर विश्व का शीर्ष व्यावसायिक शहर है।

-- सत्यशोधक समाज के संस्थापक कौन थे जिनका प्राथमिक जोर सत्य की खोज पर था।

- भारत कि किस राज्य ने स्वच्छ जल एवं जल सुरक्षा के लिए देश का प्रथम डिजिटल वाटर डेटा बैंक एक्वेरियम का अप्रैल 2022 में शुभारंभ किया है।

-सिन्धु घाटी की सभ्यता के किस पुरास्थल से नाव के चित्र या मॉडल प्राप्त हुए हैं।

-जनवरी 2022 में आयोजित सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में किसने महिला एकल का खिताब जीता है।

-सौर ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में किसके द्वारा परिवर्तित किया जाता है।

-डेंगू बुखार किस मच्छर के काटने से होता है।

-विश्व खुशहाली सूचकांक-2022 के अनुसार भारत कौन से स्थान पर है।

-किस संविधान संशोधन के द्वारा दिल्ली को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र बनाया गया।

-किस देश में प्राकृतिक आर्सेनिक प्रदूषित जल मिलता है।

-उत्तर प्रदेश दिवस किस तिथि को मनाया जाता है।

-दुधवा राष्ट्रीय उद्यान उत्तर प्रदेश के किस जनपद में अवस्थित है।

-कारा कुम मरुस्थल किस देश में स्थित है।

-संयुक्त राष्ट्र संघ के पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा जारी वार्षिक फ्रंटीयर रिपोर्ट-2022 के अनुसार दुनिया का दूसरा सर्वाधिक ध्वनि प्रदूषण युक्त भारत का कौन सा शहर है।

-भारत में सौर ऊर्जा से संचालित पहला हवाई अड्डा कौन है।

-शेरशाह को अपनी वीरता से प्रभावित करने वाले जयता और कुम्पा किस स्थान से संबंधित थे।

-ओजोन दिवस किस तिथि को मनाया जाता है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें