Class 6th NCERT Geography : Chapter-3 | पृथ्वी की गतियाँ
पृथ्वी की गति दो प्रकार की है, घूर्णन एवं परिक्रमण. पृथ्वी का अपने अक्ष पर घूमना घूर्णन कहलाता है जबकि सूर्य के चारों ओर एक स्थिर कक्ष में पृथ्वी की गति को परिक्रमण कहते है। पृथ्वी का अक्ष एक काल्पनिक रेखा है, जो इसके कक्षीय सतह से 66.5° का कोण बनाती है। वह समतल जो कक्ष के द्वारा बनाया जाता है, उसे कक्षीय समतल कहते है।
पृथ्वी सूर्य से प्रकाश प्राप्त करती है। पृथ्वी का आकार गोले के समान है, इसलिए एक समय में सिर्फ इसके आधे भाग पर ही सूर्य की रोशनी प्राप्त होती है। सूर्य की ओर वाले भाग में दिन होता है जबकि दूसरा भाग जो सूर्य से दूर होता है, वहाँ रात होती है।
ग्लोब पर वह वृत्त जो दिन और रात को विभाजित करता है, उसे प्रदीप्ति वृत्त कहते है। पृथ्वी अपने अक्ष पर एक चक्कर पूरा करने में लगभग 24 घंटे का समय लेती है। पृथ्वी के घूर्णन के समयकाल को पृथ्वी दिन कहते है। इसे पृथ्वी की दैनिक गति भी कहते है।
पृथ्वी की दूसरी गति जो सूर्य के चारों ओर कक्ष में होती है, उसे परिक्रमण कहते है। पृथ्वी एक वर्ष या 365 दिन 6 घंटे में सूर्य का एक चक्कर लगाती है। हमलोग 365 दिन को एक वर्ष मानते है तथा सुविधा के लिए 6 घंटे को नहीं जोड़ते है।
4 वर्षों में प्रत्येक वर्ष के बचे हुए 6 घंटे मिलकर एक दिन ( 24 घंटे ) के बराबर हो जाते है और चौथे वर्ष इस अतिरिक्त दिन को फरवरी महीने में जोड़ दिया जाता है, जिससे हर चौथे वर्ष का फरवरी माह 29 दिनों का हो जाता है। ऐसा वर्ष जिसमें 366 दिन होता है, उसे लीप वर्ष कहा जाता है।
- प्राचीन भारतीय खगोलशास्त्री आर्यभट्ट ने बताया था की “पृथ्वी गोल है और यह अपने अक्ष पर घूर्णन करती है”।
- पृथ्वी दीर्घवृताकार पथ पर सूर्य के चारों ओर चक्कर लगाती है।
- पृथ्वी पुरे कक्ष में एक ही दिशा में झुकी हुई है.
- ऑस्ट्रेलिया में ग्रीष्म ऋतु में क्रिसमस का पर्व मनाया जाता है।
सामान्यतः एक वर्ष को 4 ऋतुओं ( गर्मी, सर्दी, वसंत एवं शरद ऋतुओं ) में बाँटा गया है। सूर्य के चारों ओर पृथ्वी की स्थिति में परिवर्तन होने के कारण ऋतुओं में परिवर्तन होता है।
उत्तरी गोलार्ध में, 21 जून को सबसे लंबा दिन तथा सबसे छोटी रात होती है। उत्तरी गोलार्ध में कर्क रेखा पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती है, जिस कारण पृथ्वी की इस अवस्था को उत्तर अयनांत कहते है।
22 दिसंबर को दक्षिण ध्रुव के सूर्य की ओर झुके होने के कारण मकर रेखा पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती है, जिस कारण पृथ्वी की इस अवस्था को दक्षिण अयनांत कहते है।
21 मार्च एवं 23 सितंबर को सूर्य की किरणें विषुवत वृत्त पर सीधी पड़ती है, लेकिन इस अवस्था में कोई भी ध्रुव सूर्य के चारों ओर नहीं झुका होता है, इसलिए इस दिन पूरी पृथ्वी पर रात एवं दिन बराबर होते है। इसे विषुव कहा जाता है।
23 सितंबर को उत्तरी गोलार्ध में शरद ऋतु होती है जबकि दक्षिणी गोलार्ध में वसंत ऋतु होती है। ठीक इसके विपरित, 21 मार्च को उत्तरी गोलार्ध में वसंत ऋतु होती है और दक्षिणी गोलार्ध में शरद ऋतु होती है। इस प्रकार स्पष्ट है की पृथ्वी के घूर्णन एवं परिक्रमण के कारण दिन एवं रात तथा ऋतुओं में परिवर्तन होता है।
अगर पृथ्वी घूर्णन नहीं करें तो क्या होगा ?
अगर पृथ्वी घूर्णन नहीं करेगा तो सूर्य के तरफ वाले पृथ्वी के भाग में हमेशा दिन होगा, जिसके कारण उस भाग में लगातार गर्मी पड़ेगी और पृथ्वी के दुसरे भाग में हमेशा अँधेरा रहेगा एवं पुरे समय ठण्ड पड़ेगी. इस अवस्था में पृथ्वी पर जीवन संभव नहीं हो पायेगा.
पृथ्वी की गतियाँ अध्याय से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न और उत्तर :
1. पृथ्वी की गति कितने प्रकार की है ?
उत्तर – पृथ्वी की गति दो प्रकार की है – घूर्णन और परिक्रमण.
2. घूर्णन किसे कहते है ?
उत्तर – पृथ्वी के अपने अक्ष पर घुमने की प्रक्रिया को घूर्णन कहते है.
3. परिक्रमण किसे कहते है ?
उत्तर – सूर्य के चारों ओर एक स्थिर कक्ष में पृथ्वी की गति को परिक्रमण कहते है।
4. पृथ्वी पर प्रकाश का मुख्य स्रोत क्या है ?
उत्तर – सूर्य
5. प्रदीप्ति वृत्त किसे कहते है ?
उत्तर – ग्लोब पर वह वृत्त जो दिन और रात को विभाजित करता है, उसे प्रदीप्ति वृत्त कहते है।
6. पृथ्वी अपने अक्ष पर एक चक्कर पूरा करने में कितना समय लेती है ?
उत्तर – 24 घंटे
7. पृथ्वी के घूर्णन के समयकाल को क्या कहते है ?
उत्तर – पृथ्वी दिन / दैनिक गति
8. पृथ्वी सूर्य का एक चक्कर कितने समय में पूरा करती है ?
उत्तर – 365 दिन 6 घंटे
9. लीप वर्ष क्या है ?
उत्तर – वह वर्ष जिसमें 366 दिन होता है, उसे लीप वर्ष कहते है. लीप वर्ष के फरवरी महीने में 29 दिन होता है.
10. किस प्राचीन भारतीय खगोलशास्त्री ने कहा था की “पृथ्वी गोल है और यह अपने अक्ष पर घूर्णन करती है” ?
उत्तर – आर्यभट्ट
11. ग्रीष्म ऋतू में क्रिसमस का पर्व किस देश में मनाया जाता है ?
उत्तर – ऑस्ट्रेलिया
12. उत्तरी गोलार्ध में सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात कब होती है ?
उत्तर – 21 जून
13. पूरी पृथ्वी पर दिन और रात कब-कब बराबर होती है ?
उत्तर – 21 मार्च एवं 23 सितंबर
14. दिन एवं रात और ऋतुओं में परिवर्तन किस कारण होता है ?
उत्तर – पृथ्वी के घूर्णन एवं परिक्रमण के कारण
15. पृथ्वी के अक्ष का झुकाव कोण क्या है ?
उत्तर – 23.5 डिग्री / कक्षीय समतल के 66.5 डिग्री
16. पृथ्वी की सूर्य के चारों ओर की गति को क्या कहा जाता है ?
उत्तर – परिक्रमण
17. सूर्य की सीधी किरणें विषुवत वृत्त पर किस दिन पड़ती है ?
उत्तर – 21 मार्च
18. ऋतुओं में परिवर्तन पृथ्वी की किस गति के कारण होता है ?
उत्तर – परिक्रमण
19. 21 जून को सूर्य की किरणें कहाँ सीधी पड़ती है ?
उत्तर – कर्क रेखा
20. किस ऋतू में दिन छोटे होते है ?
उत्तर – शीत ऋतू
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें