एंबुलेंस कर्मियों की भर्ती के दौरान जमकर हंगामा, नारेबाजी
102 और 108 नंबर एंबुलेंस के लिए जीवीके कंपनी द्वारा की जा रही भर्ती के दौरान मंगलवार को अंतिम दिन जमकर हंगामा हुआ। अभ्यर्थियों का आरोप था कि पैसे लेकर भर्ती की जा रही है। अभ्यर्थियों ने कंपनी के अधिकारियों के साथ धक्कामुक्की भी की, जिस पर परेड मैदान पर भर्ती प्रक्रिया रोकनी पडी। हालांकि बाद में कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस लाइन जाकर भर्ती प्रक्रिया को पूरा कराया।
एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जीवीके कंपनी ने शनिवार से चालकों और ईएमटी की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। मंगलवार को परेड मैदान में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे थे। अभ्यर्थी टेस्ट जल्द लेने की मांग करने लगे, जिस पर उनका कंपनी के अधिकारियों से विवाद हो गया। अधिकारियों ने भर्ती रोक दी और वहां से पुलिस लाइन जाने लगे। इस पर अभ्यर्थी भड़क गए। उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी की और कंपनी पर पैसा लेकर भर्ती करने का आरोप लगाया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
अभ्यर्थी आरोप लगा रहे थे कि 40-40 हजार रुपये लेकर भर्ती की जा रही है। हंगामे के दौरान वहां खड़ी एंबुलेंस का शीशा टूट गया। हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस भी पहुंची। अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन ले जाकर भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया गया। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक कुल तीन हजार लोगों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
प्रयागराज। एनएचएम में नियुक्ति की मांग को लेकर एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ा। उधर जीवीके कंपनी की ओर से 24 और कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया। हालांकि हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि उनके द्वारा कई बार बर्खास्तगी का पत्र मांगा गया, लेकिन उन्हें दिया नहीं गया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें