Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

रविवार, 13 जून 2021

न्यायमूर्ति संजय यादव इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने दिलाई शपथ



इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव अब मुख्य न्यायाधीश बने हैं। उत्तर प्रदेश राजभवन लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन में 12 बजे न्यायमूर्ति संजय यादव को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई।न्यायमूर्ति संजय यादव ने रविवार को राजभवन में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश पद की शपथ ली। उनको राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के विधि एवं कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी, डीजीपी एचसी अवस्थी तथा न्यायमूर्ति संजय यादव के परिवार के सदस्य मौजूद थे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का कार्यकाल इसी महीने की 25 तारीख तक ही है। इससे पहले वह 14 अप्रैल से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम कर रहे थे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने अब इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय यादव को यहीं मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। केंद्रीय विधि मंत्रालय की ओर से बीते गुरुवार को जारी अधिसूचना के बाद उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण और कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होगी। उनका कार्यकाल 13 दिन का ही है। वह 25 जून 2021 को रिटायर होंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट में उनकी मुख्या न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना अपर सचिव विधि व न्याय राजिंदर कश्यप ने जारी की है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का जन्म 26 जून 1961 को हुआ है। वह 25 अगस्त 1986 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में सिविल, रेवेन्यू के साथ संवैधानिक मामलों में वकालत की। उन्होंने मार्च 1999 से अक्टूबर 2005 तक सरकारी अधिवक्ता के रूप में काम किया। संजय यादव मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रहे।दो मार्च 2007 को वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अपर न्यायाधीश नियुक्त हुए और जनवरी 2010 में स्थायी जज बने। वह दो बार मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। आठ जनवरी 2021 को वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने। इसके बाद यहां 14 अप्रैल से वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्य कर रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें