मुख्य समाचारः -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भविष्य में महामारी को रोकने के लिए वैश्विक एकता का आह्वान किया; कोविड वैक्सीन पर पेटेंट छूट के लिए जी-7 नेताओं का समर्थन मांगा।
जी-7 के नेताओं ने चीन के बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव के मुकाबले वैश्विक स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के लिए बिल्ट बैक बैटर - बी-3-डब्ल्यू कार्यक्रम की पहल की।
कोविड उपचार से संबंधित चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी छूट सितंबर तक बढ़ाई गई।
देश में अब तक 25 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई।
गोवा में इस महीने की 21 तारीख तक कर्फ्यू बढ़ाया गया।
भारी वर्षा की दिशा कर्नाटक की ओर बढ़ने के बाद मौसम विभाग ने मुंबई के लिए जारी चेतावनी का स्तर कम किया।
भारत की भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीपाई किया।
टेनिस में, फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स में गैर वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेचीकोवा ने ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। पुरुष सिंगल्स के फाइनल में आज नोवाक जोकोविच का मुकाबला स्टीफानोस सितसिपास से होगा।
-------
कई राज्यों में कोरोना लॉकडाउन में राहत दी जा रही है। ऐसे में आपसे अपील है कि कोविड महामारी के प्रति कोई भी लापरवाही न बरतें। जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें और इन आसान उपायों का पालन कर सुरक्षित रहें।
मास्क लगायें।
दो गज की सुरक्षित दूरी बनाये रखें।
बार-बार हाथ धोएं, चेहरा साफ रखें।
और टीका अवश्य लगवाएं
कोविड से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन काम कर रहीं हैं। इनके नंबर हैं- 011-2 3 9 7 8 0 4 6 और 1075
-------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भविष्य में महामारियों को रोकने के लिए वैश्विक एकता, नेतृत्व और एकजुटता का आह्वान करते हुए लोकतांत्रिक और पारदर्शी समाज की विशेष जिम्मेदारी पर बल दिया है। जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इस सम्मेलन से संपूर्ण विश्व को एक धरती, एक स्वास्थ्य का संदेश जाना चाहिए। उन्होंने कोविड वैक्सीन पर पेटेंट छूट के लिए जी-7 नेताओं का समर्थन मांगा। श्री मोदी ने महामारी से लड़ने में भारत के संपूर्ण समाज के दृष्टिकोण का उल्लेख किया जिसमें सरकार, उद्योग और समाज ने प्रत्येक स्तर पर समन्वित प्रयास किए।
प्रधानमंत्री ने कोरोना संक्रमितों के संपर्कों का पता लगाने और टीकाकरण प्रबंधन में भारत में डिजिटल माध्यमों के सफल उपयोग की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत अन्य विकासशील देशों के साथ अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने को तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्वास्थ्य प्रशासन में सुधार के सामूहिक प्रयासों में भारत के सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन में जी-7 देशों से कोविड संबंधी प्रौद्योगिकी को बौद्धिक संपदा अधिकारों के दायरे से मुक्त रखने के भारत और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्ताव पर समर्थन मांगा। सूत्रों ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया तथा अन्य देशों ने भी इस प्रस्ताव का पूरा समर्थन किया।
जी-7 शिखर सम्मेलन के इस सत्र का विषय था- मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की बहाली और इसमें कोविड महामारी से संपूर्ण विश्व को उबारने तथा भविष्य में ऐसी महामारियों के खिलाफ प्रतिरोधक व्यवस्था तैयार करने के उपायों पर विशेष चर्चा हुई। प्रधानमंत्री आज जी-7 शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन दो सत्रों को संबोधित करेंगे।
-------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मरुस्थलीकरण, भूमि क्षरण और सूखा के बारे में उच्च स्तरीय संवाद के दौरान संयुक्त राष्ट्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। उच्च स्तरीय संवाद में मरुस्थलीकरण, भूमि की उर्वरा शक्ति कम होने और सूखे से निपटने के लिए किये गये प्रयासों में हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा। इसमें लगातार बंज हो रही ज़मीन और पर्यावरण व्यवस्था की बहाली के बारे में संयुक्त राष्ट्र की कार्य योजना भी तैयार की जाएगी। संवाद के दौरान जलवायु और जैव विविधता के लिए भूमि आधारित समाधान से संबंधित गतिविधियां तेज़ करने के महत्व पर विचार-विमर्श होगा। उच्च-स्तरीय संवाद में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और मंत्री शामिल रहेंगे।
-------
जी-7 के नेताओं ने चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव-बीआरआई के मुकाबले वैश्विक स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के विकास की बिल्ड बैक बैटर बी3डब्ल्यू की पहल की है जिसका उद्देश्य विकासशील देशों की सहायता करना है। ब्रिटेन में कॉर्नवॉल में हो रहे जी-7 के शिखर सम्मेलन में जारी वक्तव्य में इन नेताओं ने कहा है कि वे मूल्य प्रेरित उच्च स्तरीय और पारदर्शी साझेदारी की पेशकश करेंगे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन तीन दिन की शिखर बैठक की मेजबानी कर रहे हैं।
अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वे बी3डब्ल्यू योजना को चीन के कार्यक्रम की तरह उच्चस्तरीय विकल्प बनाना चाहते हैं। व्हाइट हाउस से जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि श्री बाइडेन और जी-7 के देश वैश्विक अवसंरचना की साहसिक पहल बी3डब्ल्यू के प्रस्ताव से सहमत हैं। वक्तव्य में कहा गया है कि बी3डब्ल्यू की पहल मूल्यों से प्रेरित, उच्चस्तरीय और पारदर्शी साझेदारी होगी, जिसकी अगुवाई बड़े लोकतांत्रिक देश करेंगे। इस पहल से कोविड-19 महामारी से त्रस्त विकासशील देशों में मूल सुविधाओं के विकास के लिए 400 खरब डॉलर का निवेश किया जाएगा। बी3डब्ल्यू पहल के अंतर्गत आने वाले वर्षों में निम्न और मध्य आय वाले देशों में मूल सुविधाओं के विकास पर अरबों डॉलर का सामूहिक निवेश किया जाएगा।
अमरीका के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जी-7 संगठन चीन के बढते प्रभाव पर सामूहिक और समन्वित रूप से अंकुश लगाना चाहता है। जी-7 के नेता इस शिखर सम्मेलन के माध्यम से दुनिया को बताना चाहते हैं कि सर्वाधिक धनी लोकतांत्रिक देश चीन के बढ़ते वर्चस्व का विकल्प दे सकते हैं। अमरीकी अधिकारी ने बताया कि अमरीका जी-7 के नेताओं को चीन में जबरन मजदूरी करवाने की नीति के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने के लिए कहेगा और सम्मेलन के अंतिम वक्तव्य में चीन की आलोचना शामिल की जाएगी।
-------
वस्तु और सेवाकर परिषद ने कल कोविड उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं पर छूट की मंत्री-समूह की सिफारिशों को मोटे तौर से स्वीकार कर लिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि एंटी फंगल दवाई एमफोटेरिसिन-बी और एंटीवायरल दवाई टोसिलिजुमैब को अब जीएसटी के दायरे से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर कोविड मरीजों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली एंटीवायरल दवा रेमडेसिविर पर जीएसटी की दर बारह से घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है। वित्त मंत्री ने बताया कि एंटीकोगुलेंट हेपारिन और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताई गई कोविड उपचार में इस्तेमाल होने वाली अन्य दवाइयों पर भी जीएसटी की दर घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है।
श्रीमती सीतारामन ने बताया कि लोगों को राहत देने के लिए जीएसटी परिषद ने मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन, ऑक्सीजन बनाने वाले उपकरण और इससे संबंधित चिकित्सा सुविधाओं पर जीएसटी दर बारह प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दी है। कोविड जांच किट, पल्स ऑक्सीमीटर, तापमान मापने वाले उपकरण और हैंड सैनेटाइजर भी अब सस्ते होंगे। इन पर जीएसटी की दर पांच प्रतिशत कर दी गई है। एंबुलेंस पर जीएसटी की दर 28 प्रतिशत से घटाकर बारह प्रतिशत कर दी गई है। विद्युत और गैस के जरिये होने वाले शवदाह पर जीएसटी दर 18 से घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है।जीएसटी परिषद ने ये सभी छूट इस वर्ष सितम्बर तक के लिए बढ़ा दी हैं। जीएसटी परिषद यह की 44वीं बैठक थी। पिछले महीने जीएसटी परिषद की बैठक के बाद मंत्री समूह का गठन किया गया था। मंत्री समूह ने आठ दिन के भीतर ही रिपोर्ट सौंप दी थी।
-------
केन्द्र, कोविड महामारी के दौरान लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई राष्ट्रीय स्तर की हेल्पलाइन नम्बर के बारे में लोगों को जागरूक कर रहा है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय अपने विभिन्न विभागों के माध्यम से इन हेल्पलाइन के बारे में जागरूकता बढा रहा है।
विभिन्न हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं -
कोविड संबंधी सवालों के जवाब देने के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की हेल्पलाइन है - 1075
महिला और बाल विकास मंत्रालय की चाइल्ड हेल्पलाइन - 1098 है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक न्याय और आधिकारिता मंत्रालय का हेल्पलाइन नंबर है - 14567.
मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान-निमहांस का नंबर है - 08 04 61 10 007
आयुष कोविड परामर्श हेल्पलाइन नंबर है -1 4 4 4 3 और माई गाव व्हाट्स ऐप हेल्पडेस्क नंबर है- 90 13 15 15 15.
-------
देश में अब तक 25 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत के टीकाकरण अभियान के कल एक सौ 48वें दिन 31 लाख 67 हजार से अधिक वैक्सीन की डोज़ दी गईं। इनमें से 28 लाख 11 हजार लोगों को पहला टीका और लगभग तीन लाख 56 हजार से अधिक लोगों को दूसरी डोज़ दी गई। देश के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 25 करोड़ 28 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों को चार करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। इसी आयु समूह में करीब 18 लाख 45 हजार लोगों को कल पहली और एक लाख 12 हजार लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगाई गई। मंत्रालय ने कहा है कि बिहार, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, ओड़िसा और पश्चिम बंगाल में 18 से 44 वर्ष के दस लाख से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है।
-------
देश में कोविड मरीजों और दैनिक संक्रमित लोगों की संख्या में महत्वपूर्ण कमी आ रही है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि कुल संक्रमित लोगों की तुलना में वर्तमान में कोविड मरीजों की संख्या केवल तीन दशमलव छह-आठ प्रतिशत है और इसमें लगातार कमी आ रही है। वर्तमान में दस लाख 80 हजार से अधिक कोविड मरीज हैं। देश में 63 दिन बाद कोविड मरीजों की संख्या 11 लाख से नीचे आ गई है। साप्ताहिक और दैनिक संक्रमण दर भी कम हो रही है।
-------
केन्द्र सरकार ने देश के ग्रामीण इलाकों में कोविड प्रबंधन के बारे में ढील बरतने के आरोपों को खारिज किया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जोर देकर कहा है कि केन्द्र सरकार ग्रामीण भारत में प्रभावी कोविड प्रबंधन कर रही है। इसके लिए राज्यों के सक्रिय सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है और जन स्वास्थ्य के उपाय किये जा रहे हैं।
-------
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहचान, परीक्षण और उपचार की नीति के साथ कोविड की रोकथाम और इलाज के लिए प्रभावी व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है इसलिए संक्रमण रोकने के बारे में पूरी निगरानी और चौकसी बरतने की ज़रूरत है। मुख्यमंत्री कल लखनऊ में कोविड स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। राज्य में कोविड संक्रमण की संख्या लगातार कम हो रही है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से -
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण के मात्र 524 नए मामले सामने आए, वहीं इस अवधि के दौरान एक हजार 757 कोविड मरीज स्वस्थ हो गए। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 9 हजार 806 हो गयी है। कोरोना संक्रमण से ठीक होने की दर बढ़कर 98 दशमलव एक प्रतिशत हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर घटकर शून्य दशमलव दो प्रतिशत पर आ गई है। राज्य में कोरोना टीकाकरण का कार्य केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार जारी है और इसी जून महीने में एक करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य है। अब तक प्रदेश में 2 करोड़ 24 लाख 68 हजार 959 टीके लग चुके हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीकाकरण को तीन गुना तक बढ़ाने और आने वाले महीनों में प्रति दिन 10 लाख टीके की खुराक लगाने की की बात दोहराई है। एम.एस. यादव, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
-------
गोवा सरकार ने राज्य में कोरोना कर्फ्यू 21 जून तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ट्वीट में कहा है कि सरकार ने कोरोना संक्रमण के फैलने पर रोक लगाने के लिए कर्फ्यू 21 जून सुबह सात बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निगम बाजारों सहित दुकानें सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक खुलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विवाह समारोह में पूर्व अनुमति लेकर पचास व्यक्ति शामिल हो सकते हैं।
-------
महाराष्ट्र अनलॉक की दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मुम्बई में कल अनलॉक का दूसरा चरण शुरू होगा। नागपुर, धुले, सांगली, बुलढाना ज़िलों सहित राज्य के अन्य हिस्सों में प्रतिबंधों में ढील दी गई है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से -
मुंबई के सिविक प्रमुख इकबाल सिंह चहल ने ताजा आदेश जारी करते हुए कहा कि मुंबई में स्तर 3 क्षेत्रों जैसे प्रतिबंध जारी रहेंगे, हालांकि यह स्तर 2 में स्थानांतरित हो गई है। चहल ने कहा कि शहर स्तर 3 के नियमों के तहत होगी जब तक कि मामले प्रतिदिन 200-300 तक कम नहीं हो जाते। महाराष्ट्र को अनलॉक करने के लिए एक विस्तृत पंच-स्तरीय योजना 7 जून को लागू हुई, जिससे उन क्षेत्रों के निवासियों और व्यापारियों को राहत मिली, जहां कोविड-19 मामलों में काफी गिरावट आई है। राज्य सरकार की योजना के अनुसार, सकारात्मकता दर और जिलों और शहरों में ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों के अधिभोग के आधार पर चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। देवप्रियो भट्टाचार्जी, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
मिजोरम के शहरी इलाकों में लॉकडाउन अगले सप्ताह 21 जून सुबह चार बजे तक बढ़ा दिया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य में कोविड-19 के संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में बड़ी ढांचागत परियोजनाओं को ज़्यादा महत्व दे रही है। चार एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और उनमें से एक परियोजना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लगभग पूरी हो गई है। एक रिपोर्ट –
पूर्वी उत्तर प्रदेश में विकास को नई रफ्तार देने वाली परियोजना के रूप में देखे जा रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण अपने अंतिम चरण में है। एक्सप्रेस-वे का नब्बे प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। राज्य के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कल एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। 340 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के पूर्वी छोर पर स्थित गाजीपुर जिले को राजधानी लखनऊ से जोड़ता है। यह एक्सप्रेस-वे 9 जिलों – लखनऊ, बाराबंकी, फैजाबाद, अंबेडकर नगर, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर गुजरता है। वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या और प्रयागराज जिले भी इस एक्सप्रेस-वे से लिंक मार्गों से जुड़ते हैं। इस एक्सप्रेस-वे के शुरू हो जाने के बाद लखनऊ से गाजीपुर तक की दूरी महज तीन से चार घंटे में तय की जा सकेगी। आकाशवाणी समाचार के लिए गोरखपुर से आदित्य शुक्ला।
उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बाद विश्व का पहला तरल नैनो यूरिया कल कर्नाटक भेजा गया। रसायन और उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने गुजरात के कलोल में इफको संयंत्र से पांच सौ मिलिलीटर वाली नैनो यूरिया की 16 हजार 600 बोतलों की खेप को झंडी दिखाकर रवाना किया। बाद में बेंगलुरू में उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि 500 मिलिलीटर नैनो यूरिया 45 किलोग्राम सामान्य यूरिया के बराबर होता है और इसकी कीमत मात्र 240 रुपए है। श्री गौड़ा ने कहा कि इफको इस वर्ष नैनो यूरिया की 500 मिलीलीटर की 28 करोड़ बोतलों का उत्पादन करेगा। नैनो यूरिया उत्पादन संयंत्र के लिए बेंगलुरू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास इफको को उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। देश में विकसित नैनो यूरिया को मिट्टी की गुणवत्ता में सुधारऔर फसल की उत्पादकता के लिए बेहतर माना जाता है और इसके उपयोग की लागत भी कम है।पुद्दुचेरी विधानसभा सचिव मुनिसामी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि उपराज्यपाल ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए 16 जून की तारीख तय की है। इसके लिए सचिव से नामांकन पत्र लिए जा सकते हैं और उसे 15 जून दोपहर 12 बजे तक जमा करना होगा। नामांकन भरने की सूचना अलग-अलग से सभी सदस्यों को भेज दी गई है।
फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के फाइनल में गैर वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेचीकोवा ने रूस की अनास्तासिया पाव्लुचेनकोवा को हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। क्रेचीकोवा ने 31वीं वरीयता प्राप्त पावलुचेनकोवा को 6-1, 2-6, 6-4 से पराजित किया। पुरुष सिंगल्स के फाइनल में आज विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त ग्रीस के स्टीफानोस सितसिपास से होगा।
भारोत्तोलन में 2017 की विश्व चैंपियन भारत की मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।अंतर्राष्ट्रीय़ भारोत्तोलन संघ ने घोषणा की है कि मीराबाई चानू ने विश्व रैंकिंग अंकों के आधार पर क्लावीफाई किया है। मणिपुर की 26 वर्षीय मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया था। विश्व भारोत्तोलन संघ के नियमों के अनुसार 14 भार वर्गों में से शीर्ष आठ खिलाड़ी तोक्यो ओलंपिक में भाग ले सकते हैं जिसमें सात महिला खिलाड़ी शामिल हैं। तोक्यो ओलंपिक खेलों में अब 40 दिन बाकी हैं आकाशवाणी से जारी विशेष श्रृंखला में आज हम बात करेंगे, भारत की सर्वश्रेष्ठ महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु की –
पीवी सिंधु का जन्म 5 जुलाई, 1995 को हैदराबाद में हुआ था। सिंधु भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं, उन्होंने 2016 के रियो ओलंपिक में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। इसके अलावा भी सिन्धू ने लगभग सभी प्रमुख बैडमिंटन टूर्नामेंटों में पदक जीते हैं। रियो की सफलता ने उन्हें ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला एथलीट बना दिया। वर्तमान में विश्व की नंबर 7 खिलाड़ी सिंधु 2019 विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद विश्व चैंपियन भी हैं। सिंधु यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय भी थीं। 2016 के रियो फाइनल में, सिंधु स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार गईं थीं। लेकिन मारिन के चोटिल होने के कारण अब सिंधु की निगाहें शीर्ष पोडियम पर रहने से कम नहीं होंगी। लेकिन उनके लिए सबसे बड़ा खतरा चीनी ताइपै की महिला सिंगल्स में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी ताई त्ज़ु यिंग होगी।
-------
मुंबई के क्षेत्रीय मौसम केन्द्र ने सूचना दी है कि अरब सागर में उठने वाला तूफान कमजोर होकर कर्नाटक की ओर बढ़ गया है। इसकी वजह से मुंबई के लिये जारी चेतावनी कम कर दी गई है। लेकिन रायगढ़ और रत्नागिरी में आज और कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने कई स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी चलने और भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। अगले कुछ दिनों के लिए पालघर, ठाणे, मुंबई और सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका व्यक्त की है।
-------
मानसून के अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओड़िसा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष भागों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर भागों, ओड़िसा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
-------
बिहार में मानसून समय से पहले पहुंच गया है। मानसून के कारण राज्य के कई ज़िलों में बारिश हो रही है। पटना मौसम केन्द्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया है कि पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जैसे पूर्वोत्तर जिलों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की पहली वर्षा हुई। पटना में भी 21 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अगले 24 घंटों में पूरे राज्य में पहुंच जाएगा।
-------
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आज जम्मू में श्री वैंकटेश्वर स्वामी मंदिर के भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगे। मंदिर की संचालन संस्था तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट के अध्यक्ष वाई वी सुब्बारेड्डी भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मजीन में होने वाले भूमि पूजन समारोह में मौजूद रहेंगे। भूमि पूजन में संचालन संस्था के 28 सदस्य भाग लेंगे, जिनमें आंध्र प्रदेश के विधायक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शामिल हैं। इस अवसर पर लगभग 12 विशेष आमंत्रित अतिथि होंगे। मंदिर के निर्माण के लिए 62 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिसमें से पहले चरण में 17 एकड़ में मंदिर परिसर, चारदीवारी, वैदिक विद्यालय, कर्मचारी आवास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 33 करोड़ रुपए का अनुमानित खर्चा आएगा। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् को मंदिर के निर्माण और संबंधित सुविधाओं की व्यवस्था के लिए 40 वर्ष के लिए पट्टे पर भूमि आवंटित की है।
-------
समाचार पत्रों से-
अखबारों ने जीएसटी परिषद की बैठक में कोरोना की दवाओं और चिकित्सा उपकरणों पर टैक्स घटाने की खबर सुर्खियों में दी है। दैनिक जागरण ने इसे अहम फैसला बताते हुए लिख है- जीएसटी घटा कोरोना इलाज से जुड़ी दवाएं और उपकरण सस्ते होंगे, वैक्सीन की दर में कोई बदलाव नहीं। हरि भूमि ने लिखा है हेंड सेनिटाइजर और थर्मा मीटर पर भी टैक्स पांच प्रतिशत किया गया। इससे लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद।
अमर उजाला लिखाता है- केंद्र ने कहा- कोविशील्ड टीके की खुराकों के अंतराल में कोई बदलाव नहीं।
हिन्दुस्तान ने मुख पृष्ठ पर दिए आलेख में दुनिया में किए गए एक शोध के हवाले से लिखा है- कोरोना की दूसरी लहर में नए मामलों की कमी, बडों को टीका लगा तो घट गया बच्चों में संक्रमण।
जनसत्ता की बड़ी खबर है- पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे अकाली दल और बसपा, राज्य में 25 साल बाद दोनों दलों के बीच चुनावी गठजोड़। अन्य अखबारों ने भी पंजाब की राजनीति में चुनावी बिसात को अपने-अपने अनुमानों सहित दिया है।
जी-7 शिखर सम्मेलन को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा डिजिटल तरीके से संबोधित करने का समाचार अमर उजाला, वीर अर्जुन, नवभारत टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा ने पहले पन्ने पर दिया है- प्रधानमंत्री के 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य मंत्र' का जर्मनी ने किया समर्थन। दैनिक जागरण का शीर्षक है- श्री मोदी ने सभी के लिए समान स्वास्थ्य सुविधाओं की परिकल्पना पेश की, कहा- लोकतांत्रिक देशों की भूमिका महामारी रोकने में महत्वपूर्ण।
मॉनसून के मध्य भारत तक पहुंचने और देश के उत्तरी भागों की ओर तेजी से बढ़ने पर सभी अखबारों की नजर है। लोकसत्य ने बारिश की संभावना वाले प्रदेशों की सूची के साथ लिखा है- दिल्ली जल्दी पहुंचने की संभावना। अखबार लिखते हैं- मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण जन-जीवन अस्त व्यस्त, सड़कों पर जल भराव के कारण कई लोकल ट्रेनें रद्द रहीं।
अमर उजाला के पहले पन्ने की खबर है- वित्त मंत्रालय ने जारी किया नया फरमान, महामारी को देखते हुए सभी मंत्रालय और विभाग करें खर्चों में 20 प्रतिशत की कटौती।
दैनिक भास्कर की खबर है ओडिसा में अगले महीने होने वाली जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां कोरोना दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालु इसमें शामिल नहीं होंगे।
हरिभूमि ने पहले पन्ने पर लिखा है- विदेशी श्रद्धालु नहीं कर पाएंगे हज, सउदी अरब ने इस बात की पुष्टि की है कि हज यात्रियों को टीका लगवाना अनिवार्य है। केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमारी तैयारियां पूरी थी, लेकिन सउदी अरब के फैसले को भारत स्वीकार करता है।
भारतीय मूल की पत्रकार मेघा राजगोपालन को पत्रकारिका के लिए प्रतिष्ठित पुलित्जर सम्मान देने की घोषणा। नवभारत टाइम्स ने लिखा है चीन के डिटेंशन कैंपों का किया था खुलासा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें