Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

मंगलवार, 24 मई 2022

चयन बोर्ड में 2 माह बाद शुरू होंगी भर्तियां:माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सदस्य के 10 पदों के लिए 900 आवेदन आए



 चयन बोर्ड में 2 माह बाद शुरू होंगी भर्तियां:माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सदस्य के 10 पदों के लिए 900 आवेदन आए

प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व प्राचार्य की भर्ती करने वाले माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में दो माह बाद ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। सदस्यों के 10 रिक्त पदों को भरने के लिए शासन ने आवेदन मांगे थे। 14 मई को आवेदन की लास्ट डेट थी। 10 पदों के लिए 900 कैंडीडेट ने आवेदन किया है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में इंटरव्यू होने की संभावना है।

10 पदों के लिए 900 उम्मीदवारों ने किया आवेदन

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में सदस्यों के कुल 10 पद हैं। एक सदस्य का कार्यकाल 2 साल का होता है। मार्च में खत्म हुए 5 सदस्यों का यह दूसरा कार्यकाल था। अब चयन बोर्ड में कोई भी सदस्य नहीं बचा है। केवल अध्यक्ष ही हैं। ऐसे में चयन प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती। योगी सरकार ने रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे थे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 मई 2022 रखी गई थी। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के उप सचिव नवल किशोर ने बताया कि शासन को करीब 900 आवेदन पत्र मिले हैं। आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद साक्षात्कार की तिथि शासन द्वारा ही घोषित की जाएगी। सदस्यों के चयन के बाद जल्द ही चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नवल किशोर ने बताया कि प्रिंसिपल के करीब 2000 पदों व टीजीटी-पीजीटी के करीब 4000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी है।

पिछले पांच साल से केवल 5 सदस्यों के भरोसे चल रहा था चयन बोर्ड

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में वर्तमान में सभी सदस्यों के 10 पद रिक्त चल रहे हैं। पिछले 5 सालों से चयन बोर्ड में केवल 5 सदस्य ही काम कर रहे थे। सदस्यों के 5 पद पूरे 5 साल खाली रहे। जो पांच सदस्य काम भी कर रहे थे उनका भी कार्यकाल 8 अप्रैल 2022 को समाप्त हो गया है। चयन बोर्ड में इस समय केवल अध्यक्ष ही बचे हैं। लिहाजा कोरम पूरा न हो पाने के कारण सभी भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है।

लाखों में अभ्यर्थी भर्ती के इंतजार में

प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष अवनीश पांडेय ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया रुकने से प्रदेश के लाखों बेरोजगार परेशान हैं। भर्ती परीक्षाओं में देरी और भ्रष्टाचार की वजह से प्रतियोगी छात्र अवसाद की तरफ बढ़ रहे हैं। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय ने सरकार से मांग की है कि चयन बोर्ड में रिक्त चल रहे सदस्यों के सभी 10 पद जल्द से जल्द भरे जाएं। प्रशांत का कहना है कि पिछले 4 सालों से सदस्यों के 5 पद रिक्त होने से भर्ती प्रक्रिया जो 6 माह में पूरी होनी चाहिए उसमें 1 वर्ष का समय लगा। सभी पद भरे होने से इंटरव्यू बोर्ड ज्यादा बन पाएंगे और चयन बोर्ड का काम सुचारू रूप से हो पाएगा।

उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में विलय की अफवाह ने भी रोकी रफ्तार

ज्ञातव्य है कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड व उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग का विलय होना था। दोनों का विलय करके सरकार नया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग गठित करने के मूड में है। हालांकि अभी इसका गठन नहीं हो पाया। इसके पीछे विधानसभा चुनाव भी एक कारण रहा है। अब लंबित भर्तियों के कारण सरकार ने चयन बोर्ड के रिक्त 10 पदों को भरने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि सरकार जुलाई 2022 तक चयन बोर्ड में सदस्यों के सभी 10 रिक्त पदों को भर देगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें