एक क्लिक पर मिलेंगी श्रम विभाग की 80 योजनाएं, डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराई जाएंगी
श्रम विभाग की सभी योजनाओं को डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। उनके बारे में जानने के लिए सिर्फ एक क्लिक करना होगा। इस दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। यह जानकारी श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने दी है। वह कौशांबी के मंझनपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रयागराज में सांसद विनोद सोनकर के निवास पर उनके पिता को श्रद्धांजलि देने सोमवार को पहुंचे थे।
श्रम राज्यमंत्री ने प्रयागराज आगमन पर दी जानकारी : अनौपचारिक बातचीत में श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने कहा कि विभाग की सभी 80 योजनाओं को डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य शुरू हो चुका है। ऐसा होने से श्रमिकों को सभीयोजनाओं का लाभ लेने के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। यह भी कहा कि भाजपा की सरकार जब प्रदेश में पहली बार बनी तो 2.65 लाख श्रमिकों की बेटियों की शादी करवाई गई। उसमें से 40 प्रतिशत मुस्लिम थीं। इस बार पांच लाख बेटियों की शादी करवाने का लक्ष्य है। सपा के शासन में सिर्फ एक वर्ग पर ध्यान दिया जाता था जब कि भाजपा की सरकार सभी को साथ लेकर चल रही है।
प्रयागराज से लखनऊ रवाना हुए मंत्री : राज्य मंत्री बोले कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देश पर श्रमिकों को एक-एक हजार रुपये खाते में भेजे गए। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संदर्भ में राज्य मंत्री ने कहा इस यात्रा में कोई दम नहीं है। राहुल हो या अखिलेश, दोनों नेता सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। इन्हें जमीनी सच्चाई की कोई जानकारी नहीं है। मीडियाकर्मियों से वार्ता के बाद रात में ही वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें