Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शनिवार, 12 नवंबर 2022

प्रधानाचार्य भर्ती 2013 के Kanpur मंडल का परिणाम घोषित, UPSESSB ने 8 वर्ष बाद अधूरा रिजल्‍ट जारी किया



 प्रधानाचार्य भर्ती 2013 के Kanpur मंडल का परिणाम घोषित, UPSESSB ने 8 वर्ष बाद अधूरा रिजल्‍ट जारी किया

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड (UPSESSB) ने वर्ष 2013 की प्रधानाचार्य भर्ती का परिणाम शुक्रवार की देर रात जारी तो किया लेकिन आधा अधूरा ही। अभी केवल कानपुर मंडल का ही परिणाम जारी किया गया है। इसमें 69 विद्यालयों को प्रधानाचार्य मिले हैं। अभ्यर्थी चयन बोर्ड की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। अन्य 17 मंडलों के अभ्यर्थियों को अभी अपने परिणाम की प्रतीक्षा करनी होगी। यह परिणाम कब आएगा, इसकी कोई जानकारी चयन बोर्ड में नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही अन्य मंडलों का परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा।

एडेड माध्‍यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य भर्ती : उप्र माध्‍यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने वर्ष 2013 में अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। बाद में छह फरवरी 2014 को संशोधित विज्ञापन जारी किया गया। इस भर्ती में 632 पद घोषित किए गए थे। संशोधित विज्ञापन के क्रम में 25 फरवरी 2014 तक अभ्यर्थियों से आवेदन लिए गए। आवेदन लेने के बाद चयन बोर्ड इस भर्ती पर मौन हो गया।

हाई कोर्ट के आदेश पर चयन बोर्ड सक्रिय हुआ : भर्ती प्रक्रिया करीब चार वर्ष ठप रही। चयन बोर्ड के इस रुख को देखते हुए अभ्यर्थी मनीष कुमार त्रिपाठी ने जल्दी भर्ती कराए जाने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका लगाई। हाई कोर्ट के आदेश पर चयन बोर्ड ने हलफनामा दाखिल कर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया था। उसके बाद आवेदनों को आनलाइन कराया गया।

परिणाम घोषित की मांग को लेकर अभ्‍यर्थियों ने प्रदर्शन किया था : हाई कोर्ट की सख्ती को देखते हुए चयन बोर्ड ने मार्च 2022 में सभी मंडलों का साक्षात्कार कराया। इसके बाद आठ अप्रैल 2022 को चयन रोड के कार्यरत पांचों सदस्य अपना कार्यकाल पूरा कर सेवा मुक्त हो गए। सदस्यों ने इस भर्ती का परिणाम घोषित करने के लिए चयन बोर्ड के अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया था। बाद में चयन बोर्ड ने इस मामले में दाखिल कुछ अलग-अलग याचियों का साक्षात्कार हाई कोर्ट के आदेश पर कराया। इधर, अभ्यर्थी परिणाम घोषित करने की मांग कर रहे थे। इसके लिए चयन बोर्ड के बाहर प्रदर्शन तक किया था।

कानपुर मंडल का परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेगा : शुक्रवार को चयन बोर्ड ने कानपुर मंडल का परिणाम घोषित करते हुए अभ्यर्थियों का पैनल आवंटित कर दिया। साथ ही कहा है कि यह परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। इसमें कुल 69 विद्यालयों के लिए प्रधानाचार्य चयनित किए गए हैं। एक विद्यालय के लिए वरीयता क्रम में तीन अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। जहां अभ्यर्थी नहीं मिले, वहां वरीयता क्रम में दो ही अभ्यर्थी चयनित किए गए हैं।

कानपुर के एक कालेज का परिणाम जारी नहीं किया गया : उप्र माध्‍यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की सचिव अंजना गोयल ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि डा. चिरंजी लाल राष्ट्रीय इंटर कालेज किदवई नगर कानपुर का परिणाम उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जारी नहीं किया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें