प्रबंधक महासभा ने विद्यालयों की समस्या पर किया मंथन
अलीगढ़,। वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक महासभा की बैठक रविवार को एसएसडी इंटर कॉलेज, मलिक चौक में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन महासभा के संरक्षक पवन शर्मा द्वारा किया गया। जिलाध्यक्ष योगेश भारद्वाज और महानगर अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप ने संगठन की संरचनात्मक व्यवस्था, विस्तार और आगामी कार्ययोजना की जानकारी पदाधिकारियों व विद्यालय प्रबंधकों को दी। बैठक में वित्तविहीन विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया। आरटीओ विभाग की ओर से स्कूल वाहनों के संबंध में की जा रही कार्रवाई, एनसीईआरटी पुस्तकों की उपलब्धता, आरटीई के तहत विद्यालयों को मिलने वाली अपर्याप्त प्रतिपूर्ति राशि व विद्यालयों की आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं पर चर्चा हुई।
प्रबंधकों के हितों की प्रभावी पैरवी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में महासभा को ब्लॉक, तहसील और जनपद स्तर तक मजबूत करने पर सहमति बनी। तय किया गया कि विद्यालय प्रबंधकों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। संरक्षक पद के लिए पवन शर्मा, बनी सिंह बघेल, डॉ. नरेश पाल सिंह, अखिलेश शर्मा और अनुज गौर के नाम सुझाए गए। इस पर संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत आगे निर्णय लेने पर सहमति बनी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें