यूपी में पंचायतीराज के सफाई कर्मियों की सेवा नियमावली जल्द बनेगी
पंचायतीराज विभाग की ओर से ग्रामीण इलाकों में कार्यरत सफाई कर्मियों की सेवा नियमावली जल्द बनायी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें पदोन्नति दिए जाने पर भी विचार किया जाएगा।यह आश्वासन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों को दिया है। संघ के अध्यक्ष क्रांति सिंह ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ संघ के पदाधिकारियों की वार्ता हुई। वार्ता के दौरान संघ की ओर से अपर मुख्य सचिव को एक ज्ञापन दिया गया। इस ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के एक लाख ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की लम्बित समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है।जबकि पंचायतीराज मंत्री से पहली फरवरी 2018 को हुई वार्ता में तीन बिन्दुओं पर सहमति बन गयी थी। एक महीने में समस्याओं के निराकरण का आश्वासन भी दिया गया था।
अब तक किसी भी समस्या का निराकरण न होने से ग्रामीण सफाई कर्मियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।क्रांति सिंह ने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में इन सफाई कर्मियों की सेवा नियमावली बनाए जाने, उन्हें पदोन्नति दिये जाने, सफाई कर्मियों का पद नाम बदल कर पंचायत सेवक किये जाने, मृतक आश्रितों के सभी देयकों का भुगतान समय से किये जाने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल किये जाने की मांगें शामिल हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें