टीजीटी-पीजीटी चयनितों का समायोजन नई सरकार में, 800 शिक्षकों को विद्यालय का आवंटन नहीं हो सका
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी)-2021 की भर्ती अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के दबाव में तय समय 31 अक्टूबर 2021 तक यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तो कराई, लेकिन सब कार्यभार अब तक ग्रहण नहीं कर सके हैैं। गलत विद्यालय आवंटन हो जाने से भटक रहे करीब आठ सौ शिक्षकों को चार माह बाद भी विद्यालय आवंटन नहीं किया जा सका है। अब चयन बोर्ड नई सरकार में विद्यालय आवंटन की तैयारी में है।
एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए भर्ती कराई गई
अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के लिए यह भर्ती कराई गई। चयनित अभ्यर्थियों को माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने अधियाचित पद के अनुरूप विद्यालय आवंटित किया। चयनित शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो वहां उनके लिए पद न होने की जानकारी से हैरान रह गए। वहां या तो स्थानांतरण से पद भर लिए गए थे या फिर अल्पसंख्यक या किसी अन्य वर्ग के लिए आरक्षित थे। ऐसे में अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदन देने के बाद चयन बोर्ड ने संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षकों से रिपोर्ट मांगी।
2021 के चयनितों का समायोजन पिछड़ा
इसी के साथ प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों का विवरण जुटाने के लिए अधियाचन मांगा गया, ताकि समायोजन किया जा सके। अब अधियाचन प्राप्त हो जाने पर चयन बोर्ड समायोजन की तैयारी में है। इसके पहले वर्ष 2016 के चयनितों का समायोजन अटके रहने से 2021 के चयनितों का समायोजन पिछड़ गया। अब वर्ष 2016 के चयनितों का समायोजन पूर्ण हो गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें