UPSC NDA : भारतीय सेना में जाने के लिए 44 डिग्री में पसीना बहा रहीं बेटियां
भारतीय सेना में जाने का सपना पूरा करने के लिए बेटियां 44 डिग्री तापमान में पसीना बहा रही हैं। लड़कों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की सीमाओं की रक्षा करने का जज्बा लिए ये बेटियां जुनून की हद से गुजरने को तैयार हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पिछले साल पहली बार लड़कियों को भी नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की प्रवेश परीक्षा में शामिल किया गया था।
इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए देशभर से कुल 1,77,654 लड़कियों ने आवेदन किया था जिनमें से 1002 लड़कियों ने लिखित परीक्षा को पास किया था। अब इन लड़कियों का चरणबद्ध तरीके से एसएसबी इंटरव्यू चल रहा है। प्रयागराज में 25 से अधिक लड़कियां विभिन्न कोचिंग संस्थानों में इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण ले रही हैं।
इनडोर प्रशिक्षण के तहत समूह परिचर्चा, समूह नियोजन और प्रस्तुतीकरण कर रही हैं तो आउटडोर ट्रेनिंग के क्रम में स्नेक रेस, बाधा दौड़, कमांड टास्क आदि का प्रशिक्षण ले रही है। एसएसबी इंटरव्यू के लिए बनाई गई फील्ड में हर सप्ताह इन्हें खास प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लड़कियों के स्क्वाड्रन का नाम है सिएरा
एनडीए में लड़कियों के लिए कुल 19 सीटें रखी गई हैं। लड़कियों के लिए बन रहे स्क्वाड्रन का नाम 'सिएरा' है और अकादमी में लड़कों के साथ ही लड़कियों की भी ट्रेंनिंग होगी। एनडीए में 12वीं के बाद प्रवेश होता है। जबकि इससे पहले सेना में लड़कियां अधिकारी रैंक पर जाने के लिए स्नातक करने के बाद ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण लेती थीं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खुले एकेडमी के दरवाजे
एनडीए 2021 में दाखिले के लिए दूसरे चक्र के फॉर्म भरने की तारीख 9 से 29 जून थी। 18 अगस्त 2021 को सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया था कि लड़कियों को भी एनडीए की परीक्षा में बैठने दिया जाए और उनका चयन भी लड़कों की तरह हो। कोर्ट के आदेश पर 24 सितम्बर से आठ अक्टूबर तक फिर से वेबसाइट खोलकर लड़कियों से भी आवेदन लिए गए थे। 2022 के पहले चरण में आयोजित एनडीए परीक्षा में भी लड़कियों ने आवेदन किया और अब रिजल्ट के इंतज़ार में हैं।
इनका कहना है
एनडीए की लिखित परीक्षा के बाद अगला पड़ाव एसएसबी इंटरव्यू होता है। इस चुनौती को भी लड़कियों ने गले लगाया है। कड़ी धूप में भी पूरी मेहनत से अपने सपने को साकार में जुटी हैं।-सौरभ सिंह, डिफेंस भर्ती के एक्सपर्ट
मन में है विश्वास हम होंगे कामयाब
प्रयागराज में रहकर एनडीए की तैयारी कर रही कैमूर बिहार की रोजी कुमारी का सपना हमेशा से आर्मी ज्वाइन करने का था। अब एनडीए के रास्ते वह अपना सपना सच करना चाहती हैं। उन्हें एग्जाम पास करने का पूरा भरोसा है। भदोही की प्रियंका मौर्या का सपना एयरफोर्स पायलट बनना है। एनडीए में लड़कियों को जाने की अनुमति मिली तो उन्हें बहुत खुश हुई। रीवा मध्य प्रदेश की राशि सिंह और प्रयागराज की स्मृति तिवारी भी जीजान से तैयारी में जुटी हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें