Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

गुरुवार, 5 मई 2022

हजारों सैन्य कर्मियों की पेंशन रुकी, पेंशनरों ने रक्षा मंत्री से लगाई मदद की गुहार



 हजारों सैन्य कर्मियों की पेंशन रुकी, पेंशनरों ने रक्षा मंत्री से लगाई मदद की गुहार

देशभर में 25 हजार से अधिक सेना के सेवानिवृत्त अफसरों और जवानों की पेंशन रुक गई है। अप्रैल की पेंशन खाते में नहीं पहुंचने से रक्षा पेंशनर परेशान हैं। यह लोग सोशल मीडिया से जरिए आक्रोश जता रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल, ब्रिगेडियर, कर्नल स्तर के अधिकारी भी अप्रैल की पेंशन नहीं मिलने से आक्रोशित हैं। व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। आक्रोशित पेंशनरों ने सोशल मीडिया के जरिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिकायत की है। पेंशनर इस बारे में प्रयागराज स्थित रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) कार्यालय से जानकारी मांग रहे हैं। पेंशन रुकने के लिए रक्षा मंत्रालय की ओर से शुरू की गई स्पर्श सेवा को भी दोषी ठहराया जा रहा है।

जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं होने से अटकी पेंशन 

रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) कार्यालय का दावा है कि जीवन प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण नियमानुसार पेंशन रुकी है। कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि साल में एक बार नवंबर में पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र देना होता है। कोरोना को देखते हुए सरकार ने जीवन प्रमाण पत्र में थोड़ी ढील दी थी। इसके बाद भी पेंशनरों ने जीवन प्रमाण पत्र नहीं दिया। शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी दी जा रही है। अधिकारी के अनुसार पेंशनरों को राहत देने की पूरी कोशिश हो रही है।

स्पर्श पोर्टल पर डाटा ट्रांसफर में भी दिक्कत 

सरकार के आदेश पर रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) कार्यालय सभी रक्षा पेंशनरों का डाटा स्पर्श पोर्टल पर ट्रांसफर कर रहा है। डाटा ट्रांसफर में भी दिक्कत हो रही है। कई पेंशनरों के मोबाइल नंबर नहीं मिल रहे हैं तो किसी का पता गलत मिल रहा है। कई रक्षा पेंशनरों की पेंशन स्पर्श पोर्टल में डाटा ट्रांसफर न होने के कारण भी रुकी है।

पूर्व सैनिकों ने जताया आक्रोश

अप्रैल की पेंशन नहीं मिलने पर पूर्व सैनिकों ने आक्रोश व्यक्त किया है। वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति के सदस्य बुधवार को तपोवन पार्क पहुंचे और पेंशन न मिलने के विरोध में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के संरक्षक श्याम सुंदर सिंह पटेल ने की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने नवंबर-दिसंबर में जीवन प्रमाण पत्र जमा कर दिया था। स्पर्श पोर्टल में गड़बड़ी से जीवन प्रमाण पत्र अपडेट नहीं हुआ और पेंशन रोक दी गई। पूर्व सैनिकों ने रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन) प्रयागराज से जीवन प्रमाण पत्र को स्पर्श पोर्टल पर अपडेट कराने की मांग की है।

प्रयागराज में एक हजार से अधिक पूर्व सैनिकों की पेंशन रुकी

जीवन प्रमाण पत्र के अभाव और स्पर्श पोर्टल की गड़बड़ी से प्रयागराज में रहने वाले एक हजार से अधिक पूर्व सैनिकों की पेंशन रुक गई है। वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति के संरक्षक श्याम सुंदर सिंह पटेल ने बताया कि पेंशन मार्च से ही रोकी जा रही है।

एक नजर में रक्षा पेंशनर

देश में कुल पेंशनर : 32 लाख

अब तक स्पर्श में पेंशनरों का डाटा ट्रांसफर : पांच लाख

साल के अंत तक डाटा ट्रांसफर करना है : 27 लाख


शिक्षा समाचार से अपडेट रहने के लिए ज्वाइन करें हमारा टेलीग्राम चैनल

Join FREE Telegram Channel

वॉट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Join GovJobsUP WhatsApp Group

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें