शिक्षकों के 4163 पदों पर भर्ती को आवेदन आज से
प्रदेश के 4500 से अधिक सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) के 3539 और प्रवक्ता (पीजीटी) के 624 कुल 4163 पदों पर आवेदन गुरुवार से शुरू हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने टीजीटी-पीजीटी 2022 के लिए अभ्यर्थियों से नौ जून से नौ जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि क्रमश: तीन और छह जुलाई है। पूरी तरीके से भरे हुए फॉर्म नौ जुलाई तक जमा होंगे। चयन बोर्ड के सचिव नवल किशोर ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों का अध्ययन करने के बाद आवेदन करें। आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।
नई भर्ती के लिए चयन बोर्ड ने तीन से 20 दिसंबर 2021 तक ऑनलाइन रिक्त पदों की सूचना मांगी थी। जिला विद्यालय निरीक्षकों से टीजीटी के 4500 और पीजीटी के 850 रिक्त पदों की सूचना मिली थी। उसके बाद दो बार रिक्त पदों सत्यापन कराया गया ताकि चयनित अभ्यर्थियों को समायोजन के लिए भटकना न पड़े।
विज्ञापन जारी करने से पहले पूर्व में नियुक्त लेकिन किन्हीं कारणों से कार्यभार ग्रहण न कर सकने वाले शिक्षकों का समायोजन किया गया। फिर शेष बचे टीजीटी के 3539 और पीजीटी के 624 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चयन बोर्ड ने पिछले साल सबसे बड़ी भर्ती महज छह महीने में पूरी की थी।
टीजीटी हिन्दी-अंग्रेजी में सर्वाधिक 577-577 पद
प्रयागराज। नई भर्ती में टीजीटी के तहत बालक वर्ग में 3213 और बालिका वर्ग में 326 जबकि पीजीटी के तहत बालक व बालिका वर्ग में क्रमश: 549 व 75 पद हैं। टीजीटी के 15 विषयों में दोनों वर्गों को जोड़कर सर्वाधिक पद हिन्दी व अंग्रेजी विषयों में हैं। इसके बाद विज्ञान में 540 और गणित में 533 शिक्षकों का चयन होगा। पीजीटी के 18 विषयों में सर्वाधिक 85 पद हिन्दी विषय के हैं।
टीजीटी में विषयवार पदों की संख्या
अंग्रेजी 557
हिन्दी 557
विज्ञान 540
गणित 533
सामाजिक विज्ञान 383
संस्कृत 291
गृह विज्ञान 179
शारीरिक शिक्षा 170
कला 148
वाणिज्य 38
संगीत गायन 23
कृषि 47
जीव विज्ञान 50
उर्दू 13
संगीत वादन 10
पीजीटी में विषयवार पदों की संख्या
हिन्दी 85
नागरिक शास्त्र 35
भौतिक विज्ञान 40
रसायन विज्ञान 39
जीव विज्ञान 50
भूगोल 52
गणित 22
अंग्रेजी 76
समाजशास्त्र 24
अर्थशास्त्र 60
इतिहास 21
कृषि 12
शिक्षाशास्त्र 10
मनोविज्ञान 12
संस्कृत 52
कला 14
वाणिज्य 14
गृह विज्ञान 6
प्रधानाचार्य भर्ती के अभ्यर्थियों का बढ़ा इंतजार
प्रयागराज। प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक के रिक्त 1918 पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ गया है। चयन बोर्ड को पूर्व में 465 और दिसंबर में 1453 रिक्त पदों का अधियाचन मिला था। इन पदों पर भर्ती के लिए चयन बोर्ड ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। लेकिन हरी झंडी नहीं मिलने के कारण इसके लिए आवेदन नहीं मांगे गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें