Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

मंगलवार, 13 सितंबर 2022

JSSC Teacher Recruitment : झारखंड में 25996 शिक्षकों की होगी भर्ती - शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो



 JSSC Teacher Recruitment : झारखंड में 25996 शिक्षकों की होगी भर्ती - शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो

JSSC Teacher Recruitment : झारखंड के प्रारंभिक (प्राइमरी व मिडिल) विद्यालयों में 25,996 शिक्षक बहाल होंगे। जिलावार शिक्षकों के पदों की यूनिट तय कर ली गई है। अब शिक्षकों के इन पदों को जिलावार रोस्टर क्लीयरेंस के लिए भेजा जाएगा। रोस्टर क्लीयरेंस होने के साथ शिक्षकों की नियुक्ति के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को अधियाचना भेज दी जाएगी। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने मंगलवार को इस पर अपनी मंजूरी दे दी।

झारखंड के प्रारंभिक स्कूलों में 50 हजार शिक्षकों (सहायक आचार्यों) की नियुक्ति होनी है। इसमें पहले चरण में 25,996 सहायक आचार्य नियुक्त किये जाएंगे। इसके बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन होगा। इसका रिजल्ट आने के बाद दूसरे चरण में 24,004 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होगी। शिक्षा विभाग प्रारंभिक स्कूलों में सहायक आचार्यों की नियुक्ति के लिए अधियाचना जेएसएससी को भेजेगा। जेएसएससी ऑनलाइन फॉर्म लेगा और परीक्षा का आयोजन करेगा। सहायक आचार्य की परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो झारखंड से मैट्रिक और इंटरमीडिएट पास होंगे। साथ ही, शिक्षक पात्रता परीक्षा पास और प्रशिक्षित होना भी अनिवार्य है। झारखंड में 2015-16 में प्रारंभिक स्कूलों में नियुक्ति प्रक्रिया हुई थी। इसमें करीब 17 हजार शिक्षक बहाल किये गये थे।


सहायक आचार्यों को मिलेगा 5200-20,200 का वेतनमान

राज्य में नियुक्त होने वाले 25,996 सहायक आचार्यों को 5200-20,200 का वेतनमान मिलेगा। वहीं, प्राइमरी के सहायक आचार्य को 2400 का ग्रेड पे और मिडिल स्कूल के सहायक आचार्य को 2800 का ग्रेड पे मिलेगा। इस आधार पर प्राइमरी में 25,500 और मिडिल में हर माह 28,500 रुपये वेतन का भुगतान होगा। इससे पहले 9300-34,800 के वेतनमान व 4200 के ग्रेड पे पर नियुक्ति होती थी।

35 हजार स्कूलों में प्रधानाध्यापकों की भी होगी नियुक्ति

प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के साथ-साथ 35 हजार स्कूलों में प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति होगी। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने इसके लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग प्रधानाध्यापक पद पर सीधी नियुक्ति और प्रोन्नति के आधार पर बहाली को लेकर प्रस्ताव तैयार करेगा। इसके बाद राज्य के स्कूलों में पहली बार प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति होगी।

एक पद के लिए चार अभ्यर्थी कतार में

झारखंड में सहायक आचार्य पद की नियुक्ति प्रक्रिया में एक पद के लिए चार अभ्यर्थियों में मुकाबला होगा। इसमें शामिल होने के लिए 1.01 लाख टेट पास अभ्यर्थी कतार में खड़े हैं। इसमें 2013 के टेट पास 49 हजार और 2016 के टेट पास 52 हजार अभ्यर्थी हैं। 2015-16 में हुई नियुक्ति प्रक्रिया में 2013 के टेट पास 66 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 17 हजार शिक्षक बन चुके हैं, जबकि 49 हजार की नियुक्ति नहीं हो सकी। वहीं, 2016 में टेट पास किये 52 हजार अभ्यर्थियों को किसी नियुक्ति प्रक्रिया में मौका नहीं मिल सका।

शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि राज्य के प्रारंभिक स्कूलों में 25,996 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए मंजूरी दे दी है। नियुक्ति प्रक्रिया के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन होगा। इसके बाद फिर से 24,004 पदों पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसके साथ-साथ 35 हजार स्कूलों में प्रधानाध्यापकों की भी नियुक्ति की दिशा में विभाग को प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। 

JsscTeacher Recruitment NewsPrimary Teacher Bharti

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें