सरकारी कर्मचारी की तरह सुबह नौ से 5 बजे तक काम करेगा : भजन लाल
सीकर/ नागौर. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मंगलवार को सीकर और नागौर जिलों के दौरे पर रहे। मुख्यमंत्री ने सीकर सीट से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी व सांसद सुमेधानंद सरस्वती और नागौर में ज्योति मिर्धा की नामांकन रैली को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा और पीएम मोदी की योजनाओं की जानकारी देने के सा साथ कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश का किसान सरकारी कर्मचारी की तरह काम करेगा। वह सुबह 9 बजे खेत में जाकर शाम पांच बजे तक वापस आ जाएगा। बिजली को लेकर सरकार के 2.25 लाख करोड़ के हुए दो समझौतों की वजह से ऐसा होगा। जिससे प्रदेश तीन साल में बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होकर किसानों को दिनभर बिजली उपलब्ध करवाएगा। ऐसे में किसान शाम को घर आकर बच्चों के साथ टीवी देखते हुए वक्त बिता सकेगा। इस दौरान उन्होंने यमुना के पानी, ईआरसीपी तथा इंदिरा व गंग नहर को पक्की करने के साथ पूरे प्रदेश को जल्द ही नदियों का पानी उपलब्ध करवाने की बात कही। कांग्रेस को भ्रष्टाचार व आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली व तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टी बताया। सभा को डिप्टी सीएम दिया कुमारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा व सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर सहित अन्य ने संबोधित किया।
पेपरलीक : अभी तो आरपीएससी कीतरफ बढ़े हैं, कोई नहीं बचेग ा
पेपरलीक को लेकर भी सीएम शर्मा ने कहा कि अभी तो आरपीएससी तक ही पहुंचे हैं। खून के आंसू रुलाने वाला कितना ही बड़ा शख्स क्यों ना हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। आंगनबाड़ी, आशा सहयोगिनियों की वेतन वृद्धि, गेहूं की एमएसपी बढ़ाने, किसान सम्मान निधी के लिए मृत किसानों के आश्रितों की सूची केंद्र को भेजने सहित विभिन्न मुद्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने घोषणा पत्र का हर वादा पूरा करने का दावा भी किया।
नागौर का गुणगान
मुख्यमंत्री ने नागौर को राजस्थान की हृदय स्थली बताते हुए कहा कि यह लोकदेवताओं की भूमि है। नागौर वो क्षेत्र है, जिसने हमारी पहचान दुनियाभर में बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा, नागौर की बेटियां शिक्षा के साथ खेलों में भी बहुत आगे है, इसलिए 2028 के ओलंपिक की तैयारी नागौर से शुरू करेंगे।
सीकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश का संविधान खतरे में है। किसानों पर जिस तरीके से काले कानून थोपे गए उस दिन को देश के किसान कभी नहीं भूल सकते है। वे मंडी में मंगलवार को इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अमराराम के समर्थन में हुई जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईडी व सीबीआई का भय दिखाकर दूसरे दलों के नेताओं को तोड़ने का काम किया है। चंदे पर भाजपा की चुप्पी को पूरा देश समझ रहा है। सभा को पीसीसी अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला, सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत, नीमकाथाना विधायक सुरेश मेादी, चौमू विधायक डॉ शिखा मील बराला आदि ने संबोधित किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें