Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

गुरुवार, 20 जनवरी 2022

छात्रों के लिए खुशखबरी, अब PRSU सीधे भेजेगा डिग्री



 छात्रों के लिए खुशखबरी, अब PRSU सीधे भेजेगा डिग्री

प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों से पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें डिग्री के लिए विश्वविद्यालय अथवा कॉलेज का चक्कर नहीं लगाना होगा। राजभवन के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय के विद्वत, कार्य परिषद एवं परीक्षा समिति ने डिग्री वितरण के नियम में अहम बदलाव किया है। अंतिम वर्ष के छात्रों को बगैर मांग किए अनिवार्य रूप से डिग्री प्रदान की जाएगी।

यह डिग्री विश्वविद्यालय स्वयं डाक के माध्यम से विद्यार्थी के पते पर छह माह के भीतर भेज देगा। डिग्री का संबंधित शुल्क अंतिम वर्ष के छात्रों के परीक्षा शुल्क के साथ ले लिया जाएगा। इससे पीआरएसयू के स्नातक, परास्नातक, विधि, एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के 1.20 लाख छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। यह प्रक्रिया शैक्षिक सत्र 2021-22 में ही प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है।

विदित हो कि प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय से मंडल के (प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर) 652 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इसमें स्नातक अंतिम वर्ष में 80 हजार, परास्नातक, विधि और प्रोफेशनल के तकरीबन 40 हजार छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं।

छात्रों को पहले अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी होने के तकरीबन एक वर्ष बाद डिग्री के लिए आवेदन करना पड़ता था। इसके लिए उन्हें डिग्री का शुल्क भी जमा करना पड़ता था। इससे डिग्री की प्रक्रिया छात्रों के लिए काफी जटिल होती थी। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि यह नियम इसी सत्र से लागू होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें