UP Government Jobs 2022: राज्य में आचार संहिता लगने की वजह से अब नहीं निकलेंगी नई भर्तियां, जानें कब तक रहेगी आचार संहिता और किन पदों पर इसके खत्म होने के बाद हो सकती है भर्ती
उत्तर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों की घोषणा हो गई है और इसी के साथ राज्य में चुनाव आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। अभ्यर्थियों को यह जानकर निराशा हो सकती है कि राज्य में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद अब किसी भी तरह की नई सरकारी भर्ती नहीं निकल सकेगी। गौरतलब है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी तरह की नई भर्ती के लिए नोटिफिकेशन नहीं जारी किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को अब राज्य में किसी भी नए सरकारी भर्ती के नोटिफिकेशन के लिए आचार संहिता के खत्म होने का इंतजार करना होगा। हालांकि, राज्य में जिन भर्तियों के लिए आचार संहिता लागू होने से पहले नोटिफिकेशन जारी हो गया है, उनके लिए भर्ती प्रक्रिया चलते रहेगी।
कब तक रहेगी आचार संहिता :
राज्य में चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है और यह वोटों की गिनती होने तक जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश में 7 चरण में चुनाव होने हैं और वोटों की गिनती 10 मार्च 2022 को होनी है। इसलिए राज्य में अब कोई भी नई भर्ती के लिए नोटिफिकेशन 10 मार्च 2022 के बाद ही जारी हो सकेगा। राज्य में आचार संहिता के दौरान किसी भी तरह की अन्य सरकारी घोषणाएं, लोकार्पण और शिलान्यास भी नहीं होगा।
इन पदों पर चुनाव खत्म होने के बाद हो सकती भर्ती :
राज्य में होमगार्ड, शिक्षक एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न भर्तियों के लिए नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब थोड़ा और प्रतीक्षा करना होगा। राज्य में आचार संहिता लागू होने के बाद इन पदों पर भर्ती के लिए अब आचार संहिता खत्म होने के बाद ही भर्ती निकल सकेगी। गौरतलब है कि राज्य में होमगार्ड जवानों के तकरीबन 30 हजार और शिक्षकों के 50 हजार से भी अधिक पदों पर भर्ती होनी है। इसके अलावा UPSSSC द्वारा भी गन्ना पर्यवेक्षक के 2500 पदों, कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक व समान योग्यता वाले 2000 पदों और प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ, एक्सरे प्राविधिक के 1200 पदों पर भर्ती की जानी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें