Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शुक्रवार, 9 सितंबर 2022

इलाहाबाद विश्वविद्यालय: ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारी विश्वविद्यालय को बिना सूचित किए छात्रों से मिले



इलाहाबाद विश्वविद्यालय: ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारी विश्वविद्यालय को बिना सूचित किए छात्रों से मिले

नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग के दो अधिकारी इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन को बगैर सूचित किए गत 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं से मिले और उन्हें ब्रिटेन की सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। 

साथ ही इन अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलनरत छात्रों से भी मुलाकात की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता अजय सिंह सम्राट ने ''पीटीआई-भाषा ''को बताया कि गत 29 अगस्त को पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ऋचा सिंह ब्रिटिश उच्चायोग के दो अधिकारियों को लेकर छात्रों के पास आई थीं।  

उन्होंने बताया कि ब्रिटिश उच्चायोग के राजनीतिक एवं द्विपक्षीय मामलों के प्रमुख रिचर्ड बर्लो और वरिष्ठ राजनीतिक सलाहकार भावना विज ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सम्राट ने बताया कि इन दोनों अधिकारियों ने ब्रिटिश उच्चायोग द्वारा आयोजित की जा रही प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। 

विजेता छात्रा को एक दिन के लिए उच्चायुक्त बनाया जाएगा। ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारियों के आगमन के बारे में पूछे जाने पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी जया कपूर ने कहा, ''हमें अखबार से पता चला कि ब्रिटिश उच्चायोग के दो अधिकारी एक पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष के साथ विश्वविद्यालय आए थे।'' 

उन्होंने कहा, ''ब्रिटिश उच्चायोग के लोगों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से ना तो संपर्क किया और ना ही अनुमति ली। उनका राजनयिक का दर्जा है और उनको उचित प्रोटोकाल का पालन करते हुए कुलपति से मुलाकात करनी चाहिए थी। उन्होंने प्रोटोकाल का पालन ना कर सीधे छात्रों से मुलाकात की।'' कपूर ने कहा, ''हमने इस संबंध में हमारे मंत्रालय, जिला प्रशासन, मंडलायुक्त को सूचित किया है।'' उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के खिलाफ छात्रों का एक समूह छात्रसंघ संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आमरण अनशन पर बैठा है। विश्वविद्यालय ने स्नातक शिक्षा की फीस लगभग 400 प्रतिशत बढ़ा दी है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें