सगे भाई- बहन बनेंगे SDM, पास की UPPCS परीक्षा, अब क्लियर करना चाहते हैं UPSC
UPPSC PCS Result 2021: जितनी मुश्किल यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन ( UPSC) की परीक्षा है, उतनी ही मुश्किल यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन (UPPSC) की परीक्षा होती है। सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार इन दोनों प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने का ख्वाब देखते हैं। इस विषय पर आज हम आपको ऐसे भाई- बहन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने UPPSC PCS परीक्षा पास की और उनका चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। आइए विस्तार से जानते हैं इन दोनों भाई बहन के बारे में, कैसे की तैयारी।
यूपी लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2021 (यूपीपीसीएस रिजल्ट 2021) का फाइनल रिजल्ट 19 अक्टूबर को घोषित कर दिया है। प्रयागराज की संगम नगरी में भाई-बहन की जोड़ी ने मेरिट में जगह बनाई है। दोनों का चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। भाई का नाम विवेक सिंह और बहन का नाम संध्या सिंह है। दोनों ने एक साथ UPPSC PCS परीक्षा पास की है। मेरिट में भाई विवेक सिंह को 8वां, जबकि बहन संध्या सिंह को 12वां स्थान हासिल किया है।
विवेक और संध्या प्रयागराज शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर मेजा इलाके के तेंदुआ कला गांव के रहने वाले हैं। बेहद पिछड़े गांव में एक साधारण परिवार के विवेक और संध्या ने यूपी बोर्ड के स्कूल से 12वीं पास की थी। बड़े भाई विवेक सिंह ने सबसे पहले सिविल सर्विसेज में जाने का फैसला किया। हालांकि विवेक को दो बार इस परीक्षा में सफलता नहीं मिली थी।
इसी बीच विवेक की तैयारी को देखकर उनकी छोटी बहन संध्या ने भी अफसर बनने का सपना देखा। भाई-बहन मिलकर तैयारी करने लगे। दोनों एक-दूसरे की मदद करते रहे और आखिरकार उनकी मेहनत और लगन रंग लाई। डिप्टी कलेक्टर पद के लिए दोनों भाई-बहनों का एक साथ चयन हुआ।
जैसे ही विवेक और संध्या के डिप्टी कलेक्टर बनने की खबर उनके परिवार को मिली तो चारों ओर जश्न का माहौल था। उन्हें फूलों की माला पहनाई गई। विवेक और संध्या दोनों ही अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। विवेक का कहना है कि माता-पिता ने कड़ी मेहनत करते हुए उन्हें हर सुख- सुविधा दी, जिस कारण आज उन्होंने सफलता हासिल की है।
ऐसे की थी पढ़ाई
विवेक और संध्या दोनों दिन में करीब 10 घंटे पढ़ाई करते थे। दोनों अलग-अलग नोट बनाते थे और एक-दूसरे से शेयर करते थे। दोनों को एक साथ तैयारी करने से फायदा भी होता था। दोनों अपने डाउट्स एक दूसर से क्लियर करते थे।विवेक और संध्या का कहना है कि वे समाज में लोगों की मदद करना चाहते हैं। उन्हें उनका हक देना चाहते हैं। हालांकि दोनों ने यूपीएससी की परीक्षा भी देने की भी बात कही है।गौरतलब है कि यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन (UPPCS) में डिप्टी कलेक्टर और डिप्टी एसपी समेत 29 तरह के पदों पर कुल 627 लोगों का चयन किया गया है।
लॉकडाउन में शुरू की थी तैयारी
विवेक ने चार साल की बीटेक डिग्री हासिल करने के बाद UPPSC की तैयारी शुरू की। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि, 'मैं 12वीं के बाद से ही सिविल सर्विसेज परीक्षा देने के बारे में सोच रहा था, जिसकी तैयारी मैंने बीटेक के दौरान भी की, लेकिन लॉकडाउन में जब मैं गांव आया तो हम दोनों भाई बहन ने मिलकर इस परीक्षा की सीरियस तैयारी शुरू कर दी थी"
विवेक ने वापिस लिया PCS 2022 से अभ्यर्थन
UPPSC ने पहली बार प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित भर्ती PCS से अभ्यर्थन वापसी की अपील की है। PCS 2021 में 8वीं रैंक पर चयनित विवेक कुमार सिंह समेत कुल 14 अभ्यर्थियों ने अपना अभ्यर्थन वापस ले लिया था।19 अक्तूबर को घोषित पीसीएस 2021 के परिणाम में चयनित विवेक कुमार सिंह ने PCS 2022 के अभ्यर्थन से नाम वापसी के लिए पहले ही आयोग को मेल कर दिया था।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें