Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शनिवार, 23 मार्च 2024

नई सरकार के गठन के बाद पहली बार होगा स्कूलों का सघन निरीक्षण, टीमें बनीं



 नई सरकार के गठन के बाद पहली बार होगा स्कूलों का सघन निरीक्षण, टीमें बनीं


बीकानेर  प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद पहली बार स्कूलों में सघन औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण में इस बार पढ़ाई को छोड़ कर मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना तथा दोपहर में मिल रहे भोजन पर खास फोकस किया जाएगा। कई स्कूलों में मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के तहत विद्यार्थियों के पाउडर का दूध नहीं पीने की शिकायत आ रही है। साथ ही मध्यान्ह भोजन तथा पोषाहार की स्थिति पर भी कुछ नकारात्मक रिपोर्ट हैं। इसे ही जांचने के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों में 27 एवं 28 मार्च को सघन औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण के लिए 26 मार्च को टीमों का गठन होगा। इस शिक्षा सत्र का यह अंतिम निरीक्षण होगा। निरीक्षण दलों की रवानगी का समय सुबह दस बजे रखा गया है।

निरीक्षण के लिए विद्यालय चयन के समय ध्यान रखा जाएगा कि जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक मुख्यालय के संयुक्त रूप से न्यूनतम 20 विद्यालयों को निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाए। इसके लिए चयनित विद्यालयों में से करीब 20 प्रतिशत विद्यालय ऐसे होने चाहिए, जो दूरस्थ एवं दुर्गम स्थानों पर स्थित हों। साथ ही जिनका दो सालों में एक बार भी निरीक्षण नहीं हो पाया है। इन विद्यालयों को निरीक्षण में प्राथमिकता से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सभी श्रेणी के राजकीय विद्यालय, संस्कृत विद्यालय एवं मदरसों को निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

ऐसे होगा टीमों का गठन

निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर कलक्टर निरीक्षण दलों का गठन करेंगे। निरीक्षण दल में अतिरिक्त जिला कलक्टर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उप खण्ड अधिकारी, तहसीलवार, जिला शिक्षा अधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, उप खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार शामिल किया जा सकेगा। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन के समय विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ जाति, धर्म एवं लिंग के आधार पर भेदभाव न हो। इस तथ्य की विशेष पड़ताल की जाएगी।

पांच अप्रेल तक भेजनी होगी रिपोर्ट

निरीक्षण में मिली कमियों पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। ताकि कार्यक्रम का बेहतर कियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा पोषाहार में गबन, अनियमितता, चोरी आदि के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद 5 अप्रेल तक कार्यवाही रिपोर्ट मिड-डे मील आयुक्तालय को भेजनी होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें