UP IPS Transfer 2026: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 18 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी सूची
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तबादलों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को शासन ने 18 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें हाल में प्रांतीय पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा संवर्ग में पदोन्नत हुए 12 अधिकारी भी शामिल हैं। नई तैनाती के तहत एसएसएफ, पीएसी, एटीएस, सीआईडी, ईओडब्ल्यू, सतर्कता अधिष्ठान, यातायात निदेशालय और क्षेत्रीय अभिसूचना जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
डॉ. सतीश कुमार को लखनऊ में बड़ी जिम्मेदारी
डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध डॉ. सतीश कुमार को पहली वाहिनी एसएसएफ लखनऊ का सेनानायक बनाया गया है। वहीं मुख्यालय से संबद्ध संजीव सुमन को यूपीएसआईएफएस लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। सीआईडी लखनऊ में पुलिस अधीक्षक रहे समीर सौरभ को 27वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर का सेनानायक बनाया गया है।
अयोध्या और बरेली में भी बदली जिम्मेदारी
एपीटीसी सीतापुर में पुलिस अधीक्षक रहे आशुतोष द्विवेदी को क्षेत्रीय अभिसूचना अयोध्या का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। क्षेत्रीय अभिसूचना बरेली में तैनात आनन्द कुमार द्वितीय को सीआईडी लखनऊ भेजा गया है। वहीं क्षेत्रीय अभिसूचना अयोध्या के पुलिस अधीक्षक संजय राय को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
शशि शेखर सिंह और वंशराज सिंह यादव को नई जिम्मेदारी
एटीएस में तैनात शशि शेखर सिंह को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर का सेनानायक बनाया गया है। वहीं सीआईडी मुख्यालय से जुड़े वंशराज सिंह यादव को तीसरी वाहिनी एसएसएफ प्रयागराज में सेनानायक की जिम्मेदारी मिली है। दोनों अधिकारी उन 12 अधिकारियों में शामिल हैं जिन्हें हाल में पीपीएस से आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति मिली है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
राजकुमार को सतर्कता अधिष्ठान का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। प्रीतिबाला गुप्ता को एटीएस में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी मिली है। कमल किशोर को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन लखनऊ, देवेश कुमार शर्मा को खाद्य प्रकोष्ठ लखनऊ और राहुल मिठास को तकनीकी सेवाओं में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।डॉ. कृष्ण गोपाल को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मुरादाबाद का पुलिस अधीक्षक, शोएब इकबाल को यातायात निदेशालय का पुलिस अधीक्षक और पवित्र मोहन त्रिपाठी को आरटीसी चुनार मिर्जापुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। आलोक कुमार शर्मा को सतर्कता अधिष्ठान में पुलिस अधीक्षक तथा महेश सिंह अत्रि को क्षेत्रीय अभिसूचना बरेली में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
लगातार हो रहे पुलिस प्रशासन में बदलाव
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर लगातार फेरबदल देखने को मिल रहा है। इससे पहले 19 सितंबर को 35 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए थे। इसके बाद 31 पीपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया। 22 सितंबर को जारी नई सूची में 18 और आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।नई तैनाती में बड़ी संख्या में अधिकारियों को मुख्यालय आधारित जिम्मेदारियों से अलग महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में भेजा गया है। अब इन अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद संबंधित इकाइयों के कामकाज में नई जिम्मेदारियों के अनुसार बदलाव देखने को मिलेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें