SSC GD Result 2021-22: रिजल्ट जारी होने की तारीख आ गई है सामने, इस भर्ती में कितनी मिलेगी सैलरी और कब निकलेगी इसकी अगली भर्ती
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जनरल ड्यूटी (GD) कॉन्स्टेबल भर्ती 2021 के लिए आयोजित की गई लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। आयोग द्वारा जारी किए गए एग्जाम कैलेंडर के मुताबिक इस परीक्षा के परिणाम 15 अप्रैल 2022 को घोषित किए जाएंगे। 16 नवंबर 2021 से 15 दिसंबर 2021 के बीच आयोजित की गई इस परीक्षा की आंसर की बहुत पहले ही जारी कर दी गई है। इस भर्ती के जरिए आयोग GD कॉन्स्टेबल के 25,271 पदों पर भर्ती करने वाली है।
कितनी मिलेगी सैलरी :
GD कॉन्स्टेबल भर्ती में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को BSF, CISF, ITBP जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में नौकरी मिलती है। ये सभी अर्धसैनिक बल केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आते हैं। GD कॉन्स्टेबल भर्ती में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार 21,700 रुपये से 69,100 रुपये के बीच की सैलरी मिलेगी। इसके अलावा इन्हें महंगाई भत्ता (DA), यातायात भत्ता, घर किराया भत्ता (HRA) जैसे भत्ते और चिकित्सा सुविधाओं जैसी कई तरह की सुविधाओं का भी लाभ मिलता है।
कब निकलेगी अगली भर्ती :
SSC अभी GD कॉन्स्टेबल भर्ती 2021 के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित कर रही है, लेकिन आयोग ने GD कॉन्स्टेबल भर्ती 2022 के लिए भी तारीखों का ऐलान कर दिया है। दरअसल आयोग द्वारा जारी किए गए एग्जाम कैलेंडर 2022-23 के मुताबिक GD कॉन्स्टेबल भर्ती 2022 के लिए नोटिफिकेशन 22 फरवरी 2023 को जारी किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी करने के साथ ही इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी और यह 31 मार्च 2023 तक चलेगी। आयोग इस भर्ती के लिए परीक्षा जून 2023 में आयोजित कर सकती है। अभ्यर्थी इस एग्जाम कैलेंडर को SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करके देख सकते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें