Breaking

Primary Ka Master Latest Updates | Education News | Employment News latter 👇

शनिवार, 3 सितंबर 2022

Class 6th NCERT Geography : Chapter-5 | पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल


 

Class 6th NCERT Geography : Chapter-5 | पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल

Class 6th NCERT Geography Notes in Hindi for UPSC and State PCS | पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल | भूमंडल | जलमंडल | वायुमंडल | महाद्वीप | महासागर | स्थलसंधि और जलसंधि | जीवमंडल. NCERT Notes for UPSC Exam is the Base for Examination.

पृथ्वी एकमात्र ऐसा ग्रह है, जहाँ जीवन संभव है क्योंकि जीवन के लिए आवश्यक तत्त्व – भूमि, जल तथा हवा तीनों पृथ्वी पर मौजूद है. पृथ्वी की सतह ऐसी है, जिसमें पर्यावरण के तीन महत्त्वपूर्ण घटक ( भूमंडल, वायुमंडल और जलमंडल ) आपस में मिलते है और एक-दुसरे को प्रभावित करते है.

पृथ्वी का ठोस भाग जिस पर हम रहते है, उसे भूमंडल कहते है. गैस की परतें जो पृथ्वी को चारों ओर से घेरती है, उसे वायुमंडल कहते है. वायुमंडल में ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, कार्बन डाइऑक्साइड तथा अन्य गैसें पाई जाती है. पृथ्वी का वह भाग जिस पर जल पाया जाता है, उसे जलमंडल कहते है.

जीवमंडल एक सीमित क्षेत्र है, जहाँ स्थल, जल एवं हवा एक साथ मिलते है. यहाँ सभी प्रकार के जीव पाए जाते है.

भूमंडल :

पृथ्वी का वह ठोस भाग, जो भूपर्पटी की चट्टानों तथा मिट्टी की पतली परतों से बना होता है और जिसमें जीवों के लिए पोषक तत्त्व पाए जाते है, उसे भूमंडल कहते है. पृथ्वी की सतह को दो मुख्य भागों में बाँटा जा सकता है. बड़े स्थलीय भूभागों को महाद्वीपों के नाम से जाना जाता है और बड़े जलाशयों को महासागरीय बेसिन के नाम से जाना जाता है.

समुद्र जल का तल सभी जगह समान होता है. स्थल की ऊँचाई को समुद्र तल से मापा जाता है, जिसे शून्य माना जाता है.

विश्व का सबसे ऊँचा शिखर माउंट एवरेस्ट समुद्र तल से 8,850 मीटर ऊँचा है.

विश्व का सबसे गहरा भाग प्रशांत महासागर का मेरियाना गर्त है, जिसकी गहराई 11,022 मीटर है.

29 मई 1953 को पृथ्वी के सबसे ऊँचे शिखर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले पहले व्यक्ति न्यूजीलैंड के एडमंड हिलेरी और भारत के तेनजिंग नोर्गे शेरपा बने.

माउंट एवरेस्ट पर कदम रखने वाली विश्व की पहली महिला जापान की जुंको ताबेई थी. इन्होनें 16 मई 1975 को अपना कदम माउंट एवरेस्ट पर रखी.

माउंट एवरेस्ट पर कदम रखने वाली भारत की पहली महिला बछेंद्री पाल थी. इन्होनें 23 मई 1984 को अपना कदम माउंट एवरेस्ट पर रखी.

महाद्वीप :

पृथ्वी पर सात प्रमुख महाद्वीप है, जो विस्तृत जलराशि के द्वारा एक दुसरे से अलग है.

विश्व के सात प्रमुख महाद्वीप है – एशिया, यूरोप, अफ्रीका, उत्तर अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया तथा अंटार्कटिका.

स्थल का बहुत बड़ा भाग उत्तरी गोलार्ध में पाया जाता है.

एशिया महाद्वीप :

विश्व का सबसे बड़ा महाद्वीप एशिया है. यह पृथ्वी के कुल क्षेत्रफल के एक तिहाई भाग में फैला है. यह महाद्वीप पूर्वी गोलार्ध में स्थित है. इस महाद्वीप से होकर कर्क रेखा गुजरती है.

एशिया के पश्चिम में यूराल पर्वत है, जो एशिया को यूरोप से अलग करता है. यूरोप एवं एशिया के संयुक्त भू-भाग को यूरेशिया कहते है.

यूरोप महाद्वीप :

यूरोप महाद्वीप एशिया से बहुत छोटा है और यह एशिया के पश्चिम में स्थित है. इस महाद्वीप से होकर अंटार्कटिक वृत्त गुजरता है. यूरोप महाद्वीप तीन तरफ से जल से घिरा है.

अफ्रीका महाद्वीप :

विश्व का दूसरा सबसे बड़ा महाद्वीप अफ्रीका है. अफ्रीका महाद्वीप के लगभग मध्य भाग से होकर विषुवत वृत्त या 0 डिग्री अक्षांश गुजरती है. इस महाद्वीप का बहुत बड़ा भाग उत्तरी गोलार्ध में स्थित है.

अफ्रीका महाद्वीप एक ऐसा महाद्वीप है, जिससे होकर तीनों रेखाएँ ( कर्क, विषुवत तथा मकर ) गुजरती है.

विश्व का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान सहारा का रेगिस्तान है, जो अफ्रीका में स्थित है. यह महाद्वीप चारों तरफ से समुद्रों एवं महासागरों से घिरा है.

विश्व की सबसे लंबी नदी, नील नदी अफ्रीका से होकर गुजरती है.

उत्तरी अमेरिका महाद्वीप :

विश्व का तीसरा सबसे बड़ा महाद्वीप उत्तरी अमेरिका है. यह महाद्वीप दक्षिण अमेरिका से एक संकरे स्थल से जुड़ा है, जिसे पनामा जलसंधि कहा जाता है. यह महाद्वीप पूरी तरह से उत्तरी एवं पश्चिमी गोलार्ध में स्थित है.

उत्तरी अमेरिका महाद्वीप तीन महासागरों ( प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर एवं आर्कटिक महासागर ) से घिरा हुआ है.

दक्षिण अमेरिका महाद्वीप :

इस महाद्वीप का अधिकांश भाग दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है.

विश्व की सबसे लंबी पर्वत श्रृंखला एंडीज, इसी महाद्वीप में स्थित है.

इस महाद्वीप में विश्व की सबसे बड़ी नदी अमेजन नदी बहती है.

ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप :

विश्व का सबसे छोटा महाद्वीप ऑस्ट्रेलिया है, जो पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है.

यह महाद्वीप चारो तरफ से महासागरों तथा समुद्रों से घिरा है. इस महाद्वोप को द्वीपीय महाद्वीप कहा जाता है.

अंटार्कटिका महाद्वीप :

यह महाद्वीप दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है. इस महाद्वीप के मध्य भाग में दक्षिणी ध्रुव स्थित है. यह महाद्वीप दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यह हमेशा मोटी बर्फ की परतों से ढका रहता है.

इस महाद्वीप में बहुत से देशों के शोध केंद्र स्थित है. भारत के भी शोध केंद्र संस्थान ( मैत्री और दक्षिण गंगोत्री ) स्थित है.

स्थलसंधि और जलसंधि

स्थलसंधि स्थल का एक सँकरा भाग होता है, जो दो बड़े स्थलीय भागों को एक-दुसरे से जोड़ता है. जबकि, जलसंधि जल का सँकरा भाग होता है, जो दो बड़ी जलराशि, जैसे- समुद्रों तथा महासागरों को एक दुसरे से जोड़ता है.

भारत एवं श्रीलंका के बीच पाक जलसंधि स्थित है.

जलमंडल :

पृथ्वी को नीला ग्रह कहा जाता है. पृथ्वी का 71% भाग जल तथा 29% भाग स्थल है. जलमंडल में जल के सभी रूप उपस्थित है. इसमें महासागर एवं नदियाँ, झीलें, हिमनदियाँ, भूमिगत जल तथा वायुमंडल की जलवाष्प सभी सम्मिलित है.

पृथ्वी पर पाए जाने वाले जल का 97% से अधिक भाग महासागरों में पाया जाता है, जो इतना अधिक खारा होता है की मानव के उपयोग में नहीं आ सकता है. शेष जल बर्फ की परतों एवं हिमनदियों तथा भूमिगत जल के रूप में पाया जाता है.

पृथ्वी के जल का बहुत कम भाग अलवण जल के रूप में पाया जाता है, जो मनुष्य के इस्तेमाल में काम आता है. यही कारण है की नीले ग्रह में रहने के बावजूद हम पानी की कमी महसूस करते है.

महासागर :

महासागर, जलमंडल का मुख्य भाग है. महासागरीय जल हमेशा गतिशील रहता है.

महासागरीय जल की तीन मुख्य गतियाँ तरंगें, ज्वार-भाटा तथा महासागरीय धाराएँ है.

बड़े से छोटे आकार के आधार पर क्रमशः पाँच महासागर है – प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर, हिन्द महासागर, दक्षिणी महासागर तथा आर्कटिक महासागर.

प्रशांत महासागर :

विश्व का सबसे बड़ा महासागर प्रशांत महासागर है, जो पृथ्वी के एक-तिहाई भाग पर फैला हुआ है.

पृथ्वी का सबसे गहरा भाग मेरियाना गर्त भी प्रशांत महासागर में स्थित है.

प्रशांत महासागर लगभग वृत्ताकार है.

इस महासागर के चारों ओर एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तर एवं दक्षिण अमेरिका स्थित है.

अटलांटिक महासागर :

विश्व का दूसरा सबसे बड़ा महासागर अटलांटिक महासागर है.

यह महासागर अंग्रेजी भाषा के S अक्षर के आकार का है. इस महासागर के पश्चिमी किनारे पर उत्तर एवं दक्षिण अमेरिका तथा पूर्वी किनारे पर यूरोप एवं अफ्रीका है.

अटलांटिक महासागर की तट रेखा बहुत अधिक दंतुरित है. यह अनियमित एवं दंतुरित तट रेखा प्राकृतिक पोताश्रयों एवं पत्तनों के लिए आदर्श स्थिति है.

व्यापार की दृष्टि से यह सबसे व्यस्त महासागर है.

हिंद महासागर :

हिंद महासागर एक ऐसा महासागर है, जिसका नाम किसी देश के नाम पर यानि भारत के नाम पर रखा गया है.

यह महासागर लगभग त्रिभुजाकार है.

इसके उत्तर में एशिया, पश्चिम में अफ्रीका तथा पूर्व में ऑस्ट्रेलिया स्थित है.

दक्षिणी महासागर :

यह महासागर अंटार्कटिका महाद्वीप को चारों ओर से घेरता है.

यह महासागर अंटार्कटिका महाद्वीप से उत्तर की ओर 60 डिग्री दक्षिणी अक्षांश तक फैला हुआ है.

आर्कटिक महासागर :

आर्कटिक महासागर उत्तर ध्रुव वृत्त में स्थित है और यह उत्तर ध्रुव के चारों ओर फैला है.

यह प्रशांत महासागर से छिछले जल वाले एक सँकरे भाग से जुड़ा है, जिसे बेरिंग जलसंधि के नाम से जाना जाता है.

यह महासागर उत्तर अमेरिका के उत्तरी तटों तथा यूरेशिया से घिरा है.

वायुमंडल :

हमारी पृथ्वी चारों ओर से गैस की एक परत से घिरी हुई है, जिसे वायुमंडल कहा जाता है.

यह हमें ऐसी वायु प्रदान करती है जिससे हम लोग साँस लेते है.

वायुमंडल हम लोगों को सूर्य की कुछ हानिकारक किरणों से बचाता है.

वायुमंडल 1,600 किमी. की ऊँचाई तक फैला है.

वायुमंडल को उसके घटकों, तापमान तथा अन्य के आधार पर 5 परतों में बाँटा गया है. जो पृथ्वी के सतह से इस प्रकार है – क्षोभमंडल, समतापमंडल, मध्यमंडल, आयनमंडल तथा बहिर्मंडल.

आयतन के अनुसार, नाइट्रोजन गैस 78%, ऑक्सीजन 21% तथा अन्य गैस जैसे- कार्बन डाइऑक्साइड, आर्गन इत्यादि की मात्रा 1% है. ऑक्सीजन साँस लेने के लिए आवश्यक है, जबकि नाइट्रोजन प्राणियों की वृद्धि के लिए आवश्यक है.

कार्बन डाइऑक्साइड बहुत कम मात्रा में है, लेकिन यह पृथ्वी के द्वारा छोड़ी गई ऊष्मा को अवशोषित करती है, जिससे पृथ्वी गर्म रहती है और यह पौधों की वृद्धि के लिए भी आवश्यक है.

ऊँचाई के साथ, वायुमंडल के घनत्व में भिन्नता आती है. यह घनत्व समुद्री तल पर सबसे अधिक होता है तथा जैसे-जैसे हम ऊपर की जाते है, यह तेजी से घटता जाता है.

पहाड़ों पर पर्वतारोहियों को हवा के घनत्व में कमी होने के कारण साँस लेने में कठिनाई होती है, इसलिए पर्वतारोही अपने साथ ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर जाते है.

जैसे-जैसे हम ऊपर की ओर जाते है, तापमान भी घटता जाता है. वायुमंडल पृथ्वी पर दबाब डालता है. वायु उच्च दाब से निम्न दाब की ओर बहती है. गतिशील वायु को पवन कहते है.

जीवमंडल : 

स्थल, जल तथा हवा के बीच के सीमित भाग को जीवमंडल कहते है. यह वह भाग है , जहाँ जीवन मौजूद है. जीवमंडल के प्राणियों को मुख्यतः दो भागों ( जंतु जगत एवं पादप जगत ) में विभक्त किया गया है.

कार्बन डाइऑक्साइड वायु का एक महत्त्वपूर्ण घटक है, लेकिन कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा में वृद्धि होने के कारण पृथ्वी के तापमान में वृद्धि हो रही है, जिसे भूमंडलीय तापन कहा जाता है.

भूमंडल, वायुमंडल तथा जलमंडल के बीच के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए पृथ्वी के संसाधनों के सीमित उपयोग की आवश्यकता है.

पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न और उत्तर : 

1. पृथ्वी का सबसे गहरा भाग मेरियाना गर्त किस महासागर में स्थित है ?

उत्तर – प्रशांत महासागर

2. किस महासागर का नाम एक देश के नाम पर रखा गया है ?

उत्तर – हिंद महासागर

3. यूरोप एवं एशिया महाद्वीप को एक साथ क्या कहा जाता है ?

उत्तर – यूरेशिया

4. पृथ्वी पर सबसे ऊँचा पर्वत शिखर कौन-सा है ?

उत्तर – माउंट एवरेस्ट

5. विश्व का सबसे बड़ा महाद्वीप कौन-सा है ?

उत्तर – एशिया

6. वायुमंडल में किस गैस का प्रतिशत सर्वाधिक है ?

उत्तर – नाइट्रोजन गैस ( 78% )

7. उत्तर अमेरिका, दक्षिण अमेरिका से कैसे जुड़ा है ?

उत्तर – पनामा स्थलसंधि द्वारा

8. कौन-सी पर्वत श्रृंखला एशिया एवं यूरोप को अलग करती है ?

उत्तर – यूराल पर्वत

9. व्यापार की दृष्टि से सबसे व्यस्त महासागर कौन-सा है ?

उत्तर – अटलांटिक महासागर

10. विश्व का दूसरा सबसे बड़ा महाद्वीप कौन-सा है ?

उत्तर – अफ्रीका

11. विश्व का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान कौन-सा है ?

उत्तर – सहारा रेगिस्तान

12. विश्व की सबसे लंबी नदी कौन-सी है ?

उत्तर – नील नदी

13. विश्व की सबसे बड़ी नदी कौन-सी है ?

उत्तर – अमेजन नदी

14. विश्व का सबसे छोटा महाद्वीप कौन-सा है ?

उत्तर – ऑस्ट्रेलिया

15. विश्व की सबसे लंबी पर्वत श्रृंखला कौन-सी है ?

उत्तर – एंडीज पर्वत

16. किस ग्रह को नीला ग्रह कहा जाता है ?

उत्तर – पृथ्वी

17. प्रशांत महासागर का आकार क्या है ?

उत्तर – वृत्ताकार

18. किस महासागर का आकार अंग्रेजी भाषा के S अक्षर जैसा है ?

उत्तर – अटलांटिक महासागर

19. हिंद महासागर की आकृति कैसी है ?

उत्तर – त्रिभुजाकार

20. वायुमंडल में ऑक्सीजन गैस की मात्रा कितनी है ?

उत्तर – 21 प्रतिशत

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें