सरकारी नौकरी : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, सरकार के विभागों में 9.79 लाख पद खाली
केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में करीब 9.79 लाख पद खाली हैं। सरकार ने बुधवार को लोकसभा को जानकारी दी। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि व्यय विभाग के भुगतान अनुसंधान विभाग की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार एक मार्च, 2021 की स्थिति के अनुसार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों-विभागों में 9,79,327 पद खाली हैं।
उन्होंने कहा, ''खाली पदों को भरना एक सतत प्रक्रिया है जिन्हें केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों या संगठनों की जरूरत के आधार पर भरा जाता है।''उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने खाली पदों को समय पर भरने के लिए निर्देश जारी किये हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिन्हें रोजगार सृजन के साथ-साथ युवाओं को अच्छे अवसर दिलाने व राष्ट्र के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने में प्रेरक के तौर पर काम करने की उम्मीद की जा रही है।
जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी जानकारी दी कि आईएएस अधिकारियों के 6,789, आईपीएस अधिकारियों के 4,984 और भारतीय वन सेवा के अधिकारियों के 3,191 पद स्वीकृत हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में आईएएस अधिकारियों की संख्या 5,317, आईपीएस अधिकारियों की संख्या 4,120 और वन सेवा के 2,134 अधिकारी हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएस) के अधिकारियों के 1,472 पद, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के 864 पद तथा भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों के 1,057 पद रिक्त हैं
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें