एसआइआर...9 दिनों में 68 हजार घरों तक पंहुचे 719 बीएलओ, 71.77 प्रतिशत मतदाताओं की हुई मैपिंग
डीग. जिले में मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का कार्य तीव्र गति से जारी है। जिले में निर्वाचन विभाग की ओर से कुल 7,99,505 मतदाताओं में से 5,73,789 यानि 71.77 प्रतिशत मतदाताओं के मैपिंग का कार्य किया जा चुका है। जो निरंतर प्रगति पर जारी है। बीएलओ ने जिले में 68 हजार 850 घरों को कवर किया है।जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने कहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति वोट न दे सके। इसके लिए चार नवंबर से चार दिसंबर तक जिलेभर में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार विशेष गहन पुनरीक्षण में वंशावली मानचित्रण (फैमिली मैपिंग) की प्रक्रिया अपनाई गई है। यदि किसी व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है, लेकिन उसके माता-पिता, दादा-दादी या अन्य रिश्तेदारों का नाम पिछले एसआईआर में शामिल है तो उसी आधार पर नया नाम जोड़ा जा सकेगा। इससे अधिकांश मतदाताओं को किसी दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होगी।
बयाना. बीएलए-2 पंचायत की बैठक बुधवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित की गई। जिसका मुख्य उद्देश्य एसआईआर सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जुड़वाना था। वक्ताओं ने कहा कि 18 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ना सुनिश्चित किया जाए। सभी ने प्रशासन को सहयोग कर अधिकाधिक नाम जोड़ने पर जोर दिया।बैठक में पूर्व सांसद रंजीता कोली, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, पंचायत समिति प्रधान मुकेश कोली, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र बुढ़वार, जिला संयोजक महिला मोर्चा कविता गोयल, भाजपा के विधानसभा संयोजक रोनू उपाध्याय, बन्धबारैठा मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिकंदरा, राजेंद्र, जवाहर शर्मा, किरण जैन, गीता शर्मा, कुंवर सिंह कोली, नीरज सारस्वत, भगवान स्वरूप, अजय उपाध्याय, सुनील खानखेडया, गोविंद नगाइच, गजेन्द्र धाकड़, राकेश धाकड़, योगेश कुशवाह, हरवीर चौधरी, विष्णु कुशवाह और रूपकिशोर सेजवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने मतदाता सूची में अधिकाधिक नाम जोड़ने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।
नदबई. भाजपा की ओर से बुधवार को डहरा रोड स्थित एक निजी मैरिज होम में मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यशाला की मुख्य वक्ता भाजपा संभाग प्रभारी निमिषा गौड़ रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया विस्तार से समझाते हुए कहा कि यह कार्यक्रम लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने का आधार है। प्रत्येक कार्यकर्ता को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। कार्यशाला की मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा रहीं। उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कार्यशाला में रज्जन महुआ, सत्येंद्र सिंह गुड्डू, दिलीप सिनसिनवार, शहर मंडल अध्यक्ष रोहित उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विश्वेंद्र सिंह, महामंत्री मुकेश अग्रवाल, डहरा मंडल अध्यक्ष अनिल डहरा, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश भातरा, महावीर डागुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वैर. उपखंड मुख्यालय स्थित उपखंड सभागार में बुधवार को निर्वाचन एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गंगाधर मीणा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की बैठक ली। जिसमें एसआईआर से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान राजस्व, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक निर्माण, जलदाय, चिकित्सा सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी कार्मिक उपस्थित रहे। एसडीएम मीणा ने सभी विभागों को एसआईआर के संदर्भ में परिगणना प्रपत्रों को सही तरीके से भरने एवं समय पर जमा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में एसआईआर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिले में विधानसभावार मैपिंग आंकड़े
डीग-कुम्हेर:- कुल मतदाता - 263633, मैपिंग मतदाता - 190184, मैपिंग - 72.14 प्रतिशत
नगर:- कुल मतदाता - 258382, मैपिंग मतदाता - 186347, मैपिंग - 72.12 प्रतिशत
कामां:- कुल मतदाता - 277490, मैपिंग मतदाता - 197258, मैपिंग - 71.09 प्रतिशत
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें